जमुई में 77वां गणतंत्र दिवस हर्षोल्लास के साथ संपन्न, प्रभारी मंत्री श्री संजय कुमार सिंह ने किया ध्वजारोहण, विकास योजनाओं की उपलब्धियां गिनाईं
सिटी संवाददाता : प्रो० रामजीवन साहु
जमुई : जिले के ऐतिहासिक श्री कृष्ण सिंह मेमोरियल स्टेडियम में 77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर भव्य एवं गरिमामय समारोह का आयोजन किया गया। बिहार सरकार के लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग (पीएचईडी) मंत्री सह जमुई जिले के प्रभारी मंत्री श्री संजय कुमार सिंह ने राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा फहराया। ध्वजारोहण के उपरांत उन्होंने परेड की सलामी ली तथा उपस्थित जनसमूह को संबोधित किया।
समारोह में प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, स्वतंत्रता सेनानियों, स्कूली छात्र-छात्राओं एवं बड़ी संख्या में आम नागरिकों की उपस्थिति रही। पूरे परिसर में देशभक्ति गीतों और राष्ट्रगान की गूंज से वातावरण देशप्रेम से ओतप्रोत हो उठा।
अपने संबोधन में प्रभारी मंत्री श्री संजय कुमार सिंह ने कहा कि माननीय मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार निरंतर विकास के पथ पर अग्रसर है। उन्होंने शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क निर्माण, सिंचाई, मद्य-निषेध, महिला सशक्तिकरण और सामाजिक न्याय के क्षेत्र में संचालित विभिन्न योजनाओं एवं उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि सरकार का संकल्प समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास की किरण पहुंचाना है।
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विभागों द्वारा आकर्षक झांकियां प्रस्तुत की गईं। शिक्षा, परिवहन, स्वच्छता, मद्य-निषेध, जीविका, स्वास्थ्य, उद्योग सहित अन्य विभागों की झांकियों ने दर्शकों का ध्यान आकर्षित किया। इन झांकियों के माध्यम से राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और उपलब्धियों को रेखांकित किया गया।
समारोह के उपरांत माननीय मंत्री ने इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (आईओसीएल) द्वारा आयोजित बैग वितरण कार्यक्रम में भी भाग लिया और लाभार्थियों को बैग प्रदान किए।
इसी क्रम में समाहरणालय, जमुई परिसर में जिला पदाधिकारी श्री नवीन (भा.प्र.से.) द्वारा ध्वजारोहण किया गया तथा राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी गई। जिले के विभिन्न सरकारी कार्यालयों में भी कार्यालय प्रधानों द्वारा झंडोत्तोलन कार्यक्रम आयोजित किए गए। साथ ही प्रशासनिक पदाधिकारियों ने महादलित टोलों में पहुंचकर ध्वजारोहण कार्यक्रम में सहभागिता की और सामाजिक समरसता का संदेश दिया।
समारोह में जिला पदाधिकारी श्री नवीन, पुलिस अधीक्षक श्री विश्वजीत दयाल, उप विकास आयुक्त श्री सुभाष चंद्र मंडल, अपर समाहर्ता (विभागीय जांच) श्री बालमुकुंद प्रसाद, अपर समाहर्ता श्री रविकांत सिन्हा, जिला परिवहन पदाधिकारी श्री सुनील कुमार, जिला पंचायत राज पदाधिकारी श्री वीरेंद्र कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी श्री सौरव कुमार, डीसीएलआर श्री सुजीत कुमार, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी श्री विनोद प्रसाद, वरीय उप समाहर्ता श्री सावन, श्री नागमणि वर्मा सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।
पूरे जिले में गणतंत्र दिवस उत्साह, उमंग और राष्ट्रीय एकता के संदेश के साथ शांतिपूर्ण एवं सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

No comments:
Post a Comment