जमुई में बसंत पंचमी महोत्सव 2026 का भव्य आयोजन, नवोदित कलाकारों को मिला सशक्त मंच
सिटी संवाददाता : प्रो० रामजीवन साहु
जमुई : श्री कृष्ण सिंह मेमोरियल स्टेडियम, जमुई में बसंत पंचमी महोत्सव 2026 का भव्य आयोजन उत्साह एवं उल्लास के साथ संपन्न हुआ। कला एवं संस्कृति विभाग, बिहार तथा जिला प्रशासन, जमुई के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस महोत्सव में फोटोग्राफी, चित्रकला, मूर्ति कला एवं क्राफ्ट विधा की प्रतियोगिता सह प्रदर्शनी का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में विद्यार्थियों एवं कलाकारों ने सहभागिता निभाई।
यह आयोजन 27 जनवरी से 31 जनवरी तक चंद्रशेखर सिंह संग्रहालय, जमुई में विस्तारित रूप से आयोजित किया जा रहा है, जहां चयनित कलाकृतियों की प्रदर्शनी आम दर्शकों के लिए भी खुली रहेगी। उल्लेखनीय है कि बसंत पंचमी महोत्सव का यह दूसरा वर्ष है, जबकि जमुई जिले में कला एवं संस्कृति विभाग द्वारा इस प्रकार की प्रतियोगिता-सह-प्रदर्शनी का आयोजन पहली बार किया गया है।
इस पहल का मुख्य उद्देश्य जिले के नवोदित चक्षुष कला (Visual Arts) से जुड़े कलाकारों को एक सशक्त मंच प्रदान करना है। ऐसे अनेक प्रतिभाशाली छात्र-छात्राएं और कलाकार, जिन्हें अब तक अपनी कला प्रदर्शन का उचित अवसर नहीं मिला था, उन्हें इस महोत्सव के माध्यम से अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिला।
महोत्सव के माध्यम से सरकारी एवं गैर-सरकारी विद्यालयों के विद्यार्थियों को यह भी समझाया जा रहा है कि एक पेंटिंग या कलाकृति के निर्माण से लेकर उसे प्रदर्शनी में प्रदर्शित करने तक की पूरी प्रक्रिया किस प्रकार संपन्न होती है। विद्यार्थियों के अनुभव को समृद्ध करने के उद्देश्य से शिक्षा विभाग में कार्यरत कला शिक्षकों को भी अपनी कलाकृतियां प्रदर्शित करने के लिए प्रोत्साहित किया गया है, जिससे विद्यार्थियों को मार्गदर्शन और प्रेरणा मिल सके।
इस आयोजन में पटना, शेखपुरा, बेगूसराय एवं मुंगेर जिलों से भी कलाकारों को आमंत्रित किया गया है। बाहरी जिलों के कलाकारों की सहभागिता से जमुई के कला प्रेमी छात्र-छात्राओं को विभिन्न शैलियों, तकनीकों और कार्यप्रणालियों को समझने का अवसर मिल रहा है। कला संवाद और कार्यशैली के आदान-प्रदान से प्रतिभागियों के ज्ञान और दृष्टिकोण का विस्तार हो रहा है।
निश्चित ही इस कला प्रतियोगिता सह प्रदर्शनी से जमुई जिले के उभरते कलाकारों को नई दिशा और प्रेरणा मिलेगी। भविष्य में ये कलाकार जिला, राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर की कला प्रदर्शनियों में भाग लेकर जमुई का नाम गौरवान्वित करेंगे।

No comments:
Post a Comment