श्रीकृष्ण सिंह स्टेडियम, जमुई में 77वां गणतंत्र दिवस समारोह धूमधाम से संपन्न : प्रभारी मंत्री संजय कुमार सिंह ने फहराया तिरंगा, विकास योजनाओं का किया उल्लेख
जमुई : जमुई के ऐतिहासिक श्रीकृष्ण सिंह स्टेडियम में आज 77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर भव्य एवं गरिमामय समारोह का आयोजन किया गया। बिहार सरकार के लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग (PHED) मंत्री सह जमुई जिले के प्रभारी मंत्री श्री संजय कुमार सिंह ने राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा फहराया। ध्वजारोहण के उपरांत उन्होंने परेड की सलामी ली तथा उपस्थित जनसमूह को संबोधित किया। समारोह में बड़ी संख्या में प्रशासनिक अधिकारी, जनप्रतिनिधि, स्वतंत्रता सेनानी, स्कूली छात्र-छात्राएं एवं आम नागरिक उपस्थित रहे।
अपने संबोधन में प्रभारी मंत्री श्री संजय कुमार सिंह ने कहा कि माननीय मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार विकास की नई ऊंचाइयों को प्राप्त कर रहा है। उन्होंने राज्य सरकार द्वारा शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, सिंचाई, मद्य-निषेध, महिला सशक्तिकरण एवं सामाजिक न्याय के क्षेत्र में संचालित विभिन्न योजनाओं एवं उपलब्धियों का विस्तार से उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक विकास की किरण पहुंचाना है और इस दिशा में निरंतर कार्य किया जा रहा है।
कार्यक्रम में विभिन्न विभागों द्वारा आकर्षक झांकियां प्रस्तुत की गईं, जिन्होंने उपस्थित लोगों का विशेष ध्यान आकर्षित किया। शिक्षा, परिवहन, स्वच्छता, मद्य-निषेध, जीविका, स्वास्थ्य, उद्योग सहित अन्य विभागों की झांकियों के माध्यम से सरकार की योजनाओं एवं उपलब्धियों को प्रभावी ढंग से प्रदर्शित किया गया।
कार्यक्रम के उपरांत माननीय मंत्री महोदय ने इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (IOCL) द्वारा आयोजित बैग वितरण समारोह में भी सहभागिता की।
समाहरणालय, जमुई में जिला पदाधिकारी श्री नवीन (भा.प्र.से.) द्वारा झंडोत्तोलन किया गया तथा राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी गई। जिले के विभिन्न सरकारी कार्यालयों में भी कार्यालय प्रधानों द्वारा झंडोत्तोलन कार्यक्रम संपन्न किया गया। इसके अतिरिक्त पदाधिकारियों द्वारा महादलित टोलों में जाकर झंडोत्तोलन कार्यक्रम में भाग लिया गया।
आज के मुख्य समारोह में जिला पदाधिकारी श्री नवीन (भा.प्र.से.), पुलिस अधीक्षक श्री विश्वजीत दयाल, उप विकास आयुक्त श्री सुभाष चंद्र मंडल, अपर समाहर्ता (विभागीय जांच) श्री बालमुकुंद प्रसाद, अपर समाहर्ता श्री रविकांत सिन्हा, जिला परिवहन पदाधिकारी श्री सुनील कुमार, जिला पंचायत राज पदाधिकारी श्री वीरेंद्र कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी श्री सौरव कुमार, डीसीएलआर श्री सुजीत कुमार, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी श्री विनोद प्रसाद, वरीय उप समाहर्ता श्री सावन एवं श्री नागमणि वर्मा सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।






No comments:
Post a Comment