साइकिल यात्रा का 524वां आयोजन: रतनपुर में टीम ने दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश
जमुई : नियमित रूप से हर रविवार आयोजित की जाने वाली साइकिल यात्रा के 524वें क्रम में रविवार को जमुई की टीम रतनपुर पहुँची। टीम के सदस्यों ने स्थानीय ग्रामीणों और युवाओं के बीच साइकिल चलाने के लाभों पर बातचीत करते हुए पर्यावरण संरक्षण को जीवन का अनिवार्य हिस्सा बनाने की अपील की।
यात्रा में भाग ले रहे सदस्य विशाल कुमार ने कहा कि साइकिल चलाना न केवल स्वास्थ्य के लिए लाभकारी है, बल्कि यह प्रदूषण नियंत्रण का सबसे सरल और प्रभावी माध्यम भी है। उन्होंने लोगों से छोटी दूरी की यात्राओं के लिए साइकिल का उपयोग बढ़ाने और प्रकृति संरक्षण में अपनी भूमिका निभाने की अपील की।
टीम के सदस्य सागर कुमार और रामप्रवेश कुमार ने बताया कि पर्यावरण संरक्षण किसी विशेष अवसर तक सीमित कार्य नहीं, बल्कि सतत चलने वाली प्रक्रिया है, जिसमें समाज के हर व्यक्ति का योगदान आवश्यक है। बिना किसी सरकारी सहायता, बजट या प्रोत्साहन के पिछले कई वर्षों से लगातार हो रही यह साइकिल यात्रा समाज में सकारात्मक सोच, स्वास्थ्य जागरूकता और पर्यावरणीय संवेदना को बढ़ावा दे रही है।
रतनपुर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान टीम ने ग्रामीणों को स्वच्छ पर्यावरण, स्वस्थ जीवन और सामाजिक सहभागिता का महत्व बताया। स्थानीय लोगों ने इस निरंतर अभियान की सराहना करते हुए भविष्य में भी ऐसी गतिविधियों से जुड़ने की इच्छा प्रकट की।
कार्यक्रम में विवेक कुमार लक्की, गोलू कुमार, हर्ष कुमार, विशाल सिंह, रामप्रवेश कुमार, शिवसागर कुमार, दीपक कुमार, अनुराग कुमार, शुभम पांडेय, अंशु कुमार, सूरज पांडेय सहित कई ग्रामीण उपस्थित थे।

No comments:
Post a Comment