इंटरमीडिएट वार्षिक परीक्षा 2026 को लेकर प्रशासन सतर्क, कदाचार-मुक्त संचालन हेतु संयुक्त ब्रीफिंग आयोजित - City Channel

Breaking

Friday, January 30, 2026

इंटरमीडिएट वार्षिक परीक्षा 2026 को लेकर प्रशासन सतर्क, कदाचार-मुक्त संचालन हेतु संयुक्त ब्रीफिंग आयोजित

इंटरमीडिएट वार्षिक परीक्षा 2026 को लेकर प्रशासन सतर्क, कदाचार-मुक्त संचालन हेतु संयुक्त ब्रीफिंग आयोजित


जमुई : बिहार विद्यालय परीक्षा समिति द्वारा संचालित इंटरमीडिएट वार्षिक परीक्षा 2026 के कदाचार-मुक्त एवं सुव्यवस्थित संचालन को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। आगामी 2 फरवरी से 13 फरवरी तक आयोजित होने वाली परीक्षा के मद्देनज़र जिलाधिकारी श्री नवीन ने सभी केन्द्राधीक्षकों, दंडाधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों के साथ संयुक्त ब्रीफिंग बैठक आयोजित की।

जिलाधिकारी ने बताया कि इस वर्ष जमुई जिले के कुल 35 परीक्षा केंद्रों पर 21,935 छात्र-छात्राएं इंटरमीडिएट परीक्षा में सम्मिलित होंगे। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि परीक्षा संचालन में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी अधिकारी अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी सतर्कता एवं निष्पक्षता के साथ करें।

बैठक में परीक्षा से संबंधित तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई। इस वर्ष परीक्षा व्यवस्था में कुछ महत्वपूर्ण बदलाव किए गए हैं। प्रत्येक बेंच पर अधिकतम दो परीक्षार्थियों को बैठाने की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। प्रश्न पत्रों के बंडल परीक्षा कक्ष में ही दो परीक्षार्थियों के हस्ताक्षर की उपस्थिति में खोले जाएंगे। सभी परीक्षा केंद्रों पर पब्लिक एड्रेस सिस्टम की व्यवस्था अनिवार्य की गई है ताकि आवश्यक निर्देश समय-समय पर प्रसारित किए जा सकें। इसके अतिरिक्त परीक्षा प्रारंभ होने के निर्धारित समय से आधा घंटा पूर्व तक ही परीक्षार्थियों को प्रवेश की अनुमति दी जाएगी, उसके बाद किसी को भी केंद्र में प्रवेश नहीं मिलेगा।

जिलाधिकारी ने कहा कि पारदर्शिता, अनुशासन और सुरक्षा के मानकों का कड़ाई से पालन किया जाएगा ताकि परीक्षा शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हो सके। उन्होंने पुलिस पदाधिकारियों को सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ रखने तथा दंडाधिकारियों को नियमित निगरानी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक श्री विश्वजीत दयाल, उप विकास आयुक्त श्री सुभाष चन्द्र मंडल, अपर समाहर्ता श्री रविकांत सिंहा, अनुमंडल पदाधिकारी श्री सौरव कुमार, भूमि सुधार उप समाहर्ता श्री सुजीत कुमार, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी श्री विनोद प्रसाद, श्री नागमणि कुमार वर्मा, जिला शिक्षा पदाधिकारी, वरीय कोषागार पदाधिकारी सहित सभी संबंधित अधिकारी एवं केन्द्राधीक्षक उपस्थित रहे।

No comments:

Post a Comment

Pages