जमुई के जिलाधिकारी श्री नवीन को “बेस्ट इलेक्टोरल प्रैक्टिस अवार्ड 2025” से सम्मानित
🔹राष्ट्रीय मतदाता दिवस पर पटना में राज्यस्तरीय समारोह में मिला प्रतिष्ठित सम्मान।
जमुई : निर्वाचन विभाग, बिहार सरकार द्वारा जमुई के जिलाधिकारी-सह-जिला निर्वाचन पदाधिकारी श्री नवीन को “बेस्ट इलेक्टोरल प्रैक्टिस अवार्ड 2025” से सम्मानित किया गया। यह सम्मान उन्हें निर्वाचन प्रक्रिया के उत्कृष्ट, पारदर्शी, नवाचारी एवं प्रभावी संचालन के लिए प्रदान किया गया है।
यह प्रतिष्ठित पुरस्कार 16वें राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर 25 जनवरी 2026 को पटना स्थित अधिवेशन भवन, सिंचाई भवन परिसर में आयोजित राज्यस्तरीय समारोह में प्रदान किया गया। समारोह के दौरान जिलाधिकारी श्री नवीन को प्रशस्ति पत्र एवं सम्मान राशि (चेक) प्रदान कर सम्मानित किया गया।
राज्यभर के केवल 10 जिलाधिकारियों को मिला सम्मान
बिहार सरकार के निर्वाचन विभाग की ओर से यह पुरस्कार राज्य के कुल 10 जिलाधिकारियों को ही प्रदान किया जाता है, जिससे इसकी गरिमा और विशिष्टता और भी बढ़ जाती है। जमुई के जिलाधिकारी श्री नवीन का चयन इस सूची में होना जिले के लिए गर्व और उपलब्धि का विषय है।
इस वर्ष सम्मानित अन्य अधिकारियों में भागलपुर के डीएम डॉ. नवल किशोर चौधरी, सुपौल के सावन कुमार, भोजपुर के तनय सुल्तानिया, सीतामढ़ी के रिची पांडेय, नालंदा के कुंदन कुमार, मुजफ्फरपुर के सुब्रत सेन, गया के शशांक कुमार एवं जमुई के श्री नवीन कुमार शामिल हैं। इसके अतिरिक्त पूर्व डीएम अररिया अनिल कुमार (वर्तमान निदेशक, सूचना एवं जनसंपर्क विभाग) तथा पूर्व डीएम कटिहार मनेश कुमार मीणा (वर्तमान निदेशक, खान विभाग) को भी सम्मानित किया गया।
आईटी आधारित नवाचार और पारदर्शी प्रबंधन रहा विशेष आधार
जिलाधिकारी श्री नवीन को यह सम्मान चुनावों के दौरान आईटी आधारित पहलों के प्रभावी क्रियान्वयन, सुरक्षा एवं लॉजिस्टिक प्रबंधन की सुदृढ़ व्यवस्था, सुलभ एवं समावेशी मतदान व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा मतदाता सूची शुद्धिकरण में उल्लेखनीय कार्य के लिए प्रदान किया गया।
उनके नेतृत्व में जमुई जिले में निर्वाचन प्रक्रिया को पूरी तरह निष्पक्ष, शांतिपूर्ण एवं पारदर्शी तरीके से संपन्न कराया गया। मतदान केंद्रों पर बेहतर आधारभूत सुविधाओं की उपलब्धता, दिव्यांग एवं वरिष्ठ नागरिक मतदाताओं के लिए विशेष व्यवस्था, संवेदनशील बूथों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था तथा ईवीएम-वीवीपैट के सुव्यवस्थित प्रबंधन ने निर्वाचन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
मतदाता जागरूकता अभियान को मिला व्यापक जनसमर्थन
जिले में मतदाता जागरूकता अभियान (SVEEP) को प्रभावी ढंग से संचालित किया गया। विद्यालयों, महाविद्यालयों, स्वयंसेवी संगठनों एवं सामाजिक समूहों की सहभागिता से व्यापक जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। मतदाता पंजीकरण शिविर, जागरूकता रैलियां, सांस्कृतिक कार्यक्रम, सोशल मीडिया अभियान एवं नवाचारपूर्ण गतिविधियों के माध्यम से युवाओं, महिलाओं एवं प्रथम बार मतदान करने वाले मतदाताओं को प्रेरित किया गया।
इन प्रयासों का सकारात्मक परिणाम मतदान प्रतिशत में वृद्धि के रूप में सामने आया, जिससे लोकतांत्रिक भागीदारी को मजबूती मिली।
लोकतांत्रिक मूल्यों को मिला सशक्त आधार
जिलाधिकारी श्री नवीन के कुशल नेतृत्व में जमुई जिले में निर्वाचन प्रक्रिया को प्रशासनिक दक्षता, पारदर्शिता एवं जनसहभागिता के साथ संपन्न कराया गया। इससे न केवल लोकतांत्रिक व्यवस्था में आमजन का विश्वास मजबूत हुआ, बल्कि प्रशासन की कार्यशैली की भी व्यापक सराहना हुई।
इस उपलब्धि पर जिला प्रशासन के अधिकारियों, कर्मचारियों एवं आम नागरिकों ने हर्ष व्यक्त करते हुए जिलाधिकारी श्री नवीन को बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। यह सम्मान न केवल व्यक्तिगत उपलब्धि है, बल्कि पूरे जमुई जिले के लिए गौरव का विषय है।

No comments:
Post a Comment