इस्लामिया गर्ल्स एकेडमी, खतौली में दीनियात एवं विज्ञान प्रदर्शनी का भव्य आयोजन
🔹कैराना सांसद इकरा हसन ने बालिका शिक्षा पर दिया विशेष जोर।
सिटी स्टेट ब्यूरो उत्तरप्रदेश : राजीव शर्मा/मनोज कुमार
खतौली (मुजफ्फरनगर) : इस्लामिया गर्ल्स एकेडमी, खतौली द्वारा बुढ़ाना रोड स्थित रॉचल गार्डन में दीनियात एवं विज्ञान प्रदर्शनी का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में अभिभावकों, शिक्षाविदों और गणमान्य व्यक्तियों की उपस्थिति रही। आयोजन का मुख्य उद्देश्य बालिकाओं में धार्मिक एवं आधुनिक शिक्षा के समन्वय को बढ़ावा देना तथा समाज में शिक्षा के प्रति जागरूकता फैलाना था।
कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रो. डॉ. नसीर खान ने की, जबकि संचालन की जिम्मेदारी परवेज़ गाज़ी ने निभाई। कैराना लोकसभा क्षेत्र की सांसद इकरा हसन मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। उन्होंने छात्राओं द्वारा लगाए गए दीनियात एवं विज्ञान पर आधारित विभिन्न मॉडलों का अवलोकन किया और उनकी रचनात्मकता एवं प्रस्तुति की सराहना की।
प्रदर्शनी में छात्राओं ने धार्मिक सिद्धांतों, नैतिक मूल्यों तथा आधुनिक वैज्ञानिक अवधारणाओं पर आधारित आकर्षक और ज्ञानवर्धक मॉडल प्रस्तुत किए। इसके साथ ही समाज में व्याप्त कुरीतियों एवं सामाजिक बुराइयों के खिलाफ जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से प्रभावशाली नाट्य प्रस्तुतियां भी दी गईं, जिन्हें दर्शकों ने खूब सराहा।
मुख्य अतिथि सांसद इकरा हसन ने अपने संबोधन में कहा कि बालिकाओं को गुणवत्तापूर्ण और उच्च शिक्षा उपलब्ध कराना आज की सबसे बड़ी आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि शिक्षा ही वह माध्यम है, जो व्यक्ति और समाज दोनों को सशक्त बनाती है। उन्होंने छात्राओं को आत्मनिर्भर बनने, आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने और समाज में सकारात्मक भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया।
इस्लामिया गर्ल्स एकेडमी के सचिव डॉ. जमीर अहमद ने बताया कि कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं को शिक्षा के प्रति जागरूक करना, उन्हें आत्मनिर्भर बनाना तथा एक शिक्षित और सशक्त समाज का निर्माण करना है। उन्होंने कहा कि संस्था बालिका शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए निरंतर प्रयासरत है।
कार्यक्रम के अंत में प्रबंधक नईमुद्दीन और प्रधानाचार्या फरहीन ने मुख्य अतिथि सहित अन्य विशिष्ट अतिथियों को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। इस अवसर पर नवीन कुमार, डॉ. कविता नागर, डॉ. अमीर आज़म कुरैशी, डॉ. एन. के. त्यागी, प्रो. कविता गुप्ता, यासमीन (एजुकेटर), अल्पसंख्यक विकास मंच के पदाधिकारी, मास्टर फैज़ान, प्रो. असलम सिद्दीकी, मौलाना युदरी साहब, मुफ्ती मुजीब, डॉ. हसन सहित सैकड़ों महिलाएं एवं पुरुष उपस्थित रहे।
कार्यक्रम सफल एवं प्रेरणादायक रहा और क्षेत्र में बालिका शिक्षा को नई दिशा देने वाला साबित हुआ।

No comments:
Post a Comment