जमुई में संपूर्णता अभियान 2.0 का शुभारंभ, विकास लक्ष्यों की प्राप्ति पर रहेगा विशेष फोकस
जमुई : जिला समाहरणालय सभागार में शुक्रवार को जिलाधिकारी श्री नवीन द्वारा संपूर्णता अभियान 2.0 का विधिवत शुभारंभ किया गया। यह अभियान नीति आयोग, भारत सरकार एवं जिला प्रशासन, जमुई की संयुक्त पहल के तहत संचालित किया जा रहा है। कार्यक्रम का उद्देश्य आकांक्षी जिला एवं आकांक्षी प्रखंड कार्यक्रमों के अंतर्गत निर्धारित विकास लक्ष्यों की समयबद्ध प्राप्ति एवं उनके प्रभावी क्रियान्वयन को सुनिश्चित करना है।
कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं कर्मी उपस्थित रहे। उद्घाटन अवसर पर जिलाधिकारी श्री नवीन ने कहा कि संपूर्णता अभियान 2.0 का मुख्य लक्ष्य जिले के विकास सूचकांकों में तीव्र सुधार लाना तथा सरकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र नागरिक तक पहुँचाना है। उन्होंने सभी विभागों को निर्देश दिया कि वे अपने-अपने परफॉर्मेंस इंडिकेटर को तय समय-सीमा के भीतर पूरा करें, ताकि अभियान के लक्ष्यों को प्रभावी ढंग से हासिल किया जा सके।
जिलाधिकारी ने विभागीय समन्वय पर बल देते हुए कहा कि योजनाओं के सफल क्रियान्वयन के लिए आपसी तालमेल और निरंतर मॉनिटरिंग आवश्यक है। उन्होंने अभियान को जन आंदोलन का स्वरूप देने का आह्वान करते हुए कहा कि जनभागीदारी से ही संपूर्ण विकास का लक्ष्य प्राप्त किया जा सकता है।
उल्लेखनीय है कि नीति आयोग द्वारा इस कार्यक्रम का राष्ट्रीय स्तर पर शुभारंभ 28 जनवरी 2026 को किया गया था। यह अभियान 14 अप्रैल 2026 तक चलेगा। इस अवधि में आकांक्षी जिलों एवं प्रखंडों में शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण, कृषि, वित्तीय समावेशन, जल-स्वच्छता तथा आधारभूत संरचना जैसे प्रमुख क्षेत्रों में संतृप्ति लक्ष्य हासिल करने पर विशेष जोर दिया जाएगा।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित अधिकारियों ने संकल्प लिया कि जमुई जिले के आकांक्षी प्रखंडों में प्रत्येक विकास सूचकांक में उल्लेखनीय प्रगति सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने कहा कि यह अभियान योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के साथ-साथ आम जनता की सक्रिय सहभागिता को भी प्रोत्साहित करेगा, जिससे जिले को समग्र विकास की दिशा में आगे बढ़ाया जा सकेगा।
इस अवसर पर उप विकास आयुक्त, जिला योजना पदाधिकारी, विशेष कार्य पदाधिकारी, सिविल सर्जन, जिला शिक्षा पदाधिकारी, नीति आयोग के जिला समन्वयक तथा पिरामल फाउंडेशन के प्रतिनिधि सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन जिला प्रशासन द्वारा किया गया।

No comments:
Post a Comment