फार्मर रजिस्ट्री कार्य को अभियान मोड में पूरा करने का निर्देश, डीएम ने की प्रगति की समीक्षा
जमुई : जिले में फार्मर रजिस्ट्री एवं परिमार्जन से संबंधित कार्यों को समयबद्ध और प्रभावी ढंग से पूरा करने के उद्देश्य से शुक्रवार को जिला पदाधिकारी जमुई श्री नवीन ने अपने कार्यालय प्रकोष्ठ से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से समीक्षा बैठक की। बैठक में संबंधित विभागों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट रूप से निर्देश दिया कि फार्मर रजिस्ट्री का कार्य विशेष अभियान चलाकर कैंप मोड में पूर्ण किया जाए। उन्होंने कहा कि इससे किसानों को सरकारी योजनाओं का लाभ सीधे और पारदर्शी तरीके से मिल सकेगा। डीएम ने सभी संबंधित कर्मियों को फील्ड में सक्रिय रहकर किसानों से सीधा संवाद स्थापित करने और उन्हें फार्मर रजिस्ट्री के महत्व एवं इससे मिलने वाले लाभों की जानकारी देने का निर्देश दिया।
उन्होंने बताया कि फार्मर रजिस्ट्री का कार्य एग्रीस्टैक योजना के अंतर्गत किया जा रहा है, जो किसानों के डिजिटल डेटा को सुदृढ़ करने और योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में अहम भूमिका निभाएगा।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने परिमार्जन कार्यों की भी समीक्षा की। उन्होंने अंचलाधिकारियों एवं राजस्व अधिकारियों को लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि किसानों को अनावश्यक परेशानी न हो और राजस्व संबंधी मामलों का समाधान समय पर किया जा सके।
इस समीक्षा बैठक में अपर समाहर्ता श्री रविकांत सिन्हा, जिला कृषि पदाधिकारी उपस्थित रहे, जबकि वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी, राजस्व अधिकारी तथा फार्मर रजिस्ट्री कार्य में संलग्न पदाधिकारी एवं कर्मी शामिल हुए।
जिलाधिकारी ने अंत में कहा कि फार्मर रजिस्ट्री और परिमार्जन कार्य जिले के किसानों के हित से सीधे जुड़े हुए हैं, इसलिए इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

No comments:
Post a Comment