संयुक्त किसान मोर्चा के आह्वान पर यूपी में व्यापक हस्ताक्षर अभियान, 19 मार्च को प्रधानमंत्री को सौंपा जाएगा ज्ञापन - City Channel

Breaking

Thursday, January 22, 2026

संयुक्त किसान मोर्चा के आह्वान पर यूपी में व्यापक हस्ताक्षर अभियान, 19 मार्च को प्रधानमंत्री को सौंपा जाएगा ज्ञापन

संयुक्त किसान मोर्चा के आह्वान पर यूपी में व्यापक हस्ताक्षर अभियान, 19 मार्च को प्रधानमंत्री को सौंपा जाएगा ज्ञापन

सिटी स्टेट ब्यूरो उत्तरप्रदेश : राजीव शर्मा/मनोज कुमार

अलीगढ़ : संयुक्त किसान मोर्चा (गैर राजनीतिक) के आह्वान पर संयुक्त श्रमिक किसान मोर्चा द्वारा खेती-किसानी से जुड़ी मांगों के समर्थन में उत्तर प्रदेश भर में व्यापक हस्ताक्षर अभियान की शुरुआत कर दी गई है। इस अभियान के तहत किसानों से संकल्प पत्र पर हस्ताक्षर कराए जा रहे हैं, जिन्हें आगामी 19 मार्च को नई दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित किसान महापंचायत के बाद प्रधानमंत्री को सौंपा जाएगा।

मंगलवार को अलीगढ़ जिले से अभियान की औपचारिक शुरुआत की गई। संयुक्त श्रमिक किसान मोर्चा के संस्थापक जितेंद्र शर्मा ने बताया कि यह अभियान उत्तर प्रदेश के हजारों गांवों तक पहुंचाया जाएगा, ताकि किसानों की समस्याओं और मांगों को संगठित रूप से केंद्र सरकार तक पहुंचाया जा सके। उन्होंने कहा कि यह आंदोलन पूरी तरह गैर राजनीतिक है और इसका उद्देश्य केवल किसानों के अधिकारों की रक्षा करना है।

अलीगढ़ में अभियान की शुरुआत शहीद भगत सिंह द्वारा निवास किए गए ग्राम शादीपुर से की गई, जहां उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर किसानों को संकल्प दिलाया गया। इसके बाद विभिन्न जिलों और ग्राम पंचायतों में मोर्चा के पदाधिकारियों ने अभियान को आगे बढ़ाया।

खैर में राष्ट्रीय संरक्षक विवेक श्री वशिष्ठ ने मोर्चा कार्यालय से अभियान का नेतृत्व किया, जबकि अतरौली से जिला महासचिव युवा मोर्चा डॉ. सुरेंद्र लोधी ने ग्राम पंचायत नरौने (हाथरस) में हस्ताक्षर अभियान चलाया। कासगंज के ग्राम पंचायत रामपुर में राष्ट्रीय उपाध्यक्ष वीरेंद्र सहवाग व मंडल सचिव मनोज बघेल ने किसानों को अभियान से जोड़ा।

एटा के ग्राम पंचायत अफजलपुर कातौर में जिलाध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार, बुलंदशहर के ग्राम पंचायत गिरौरा में ब्लॉक अध्यक्ष होशियार सिंह, मुजफ्फरनगर के ग्राम पंचायत बझेड़ा में जिलाध्यक्ष राजीव शर्मा, मेरठ के खतौली व दौराला क्षेत्र में प्रदेश महासचिव सुभाष शर्मा तथा बागपत में प्रदेश अध्यक्ष युवा मोर्चा शिवम शर्मा के नेतृत्व में किसानों ने हस्ताक्षर कर समर्थन दिया।

मोर्चा पदाधिकारियों ने बताया कि किसानों की प्रमुख मांगों में खेती की लागत के अनुरूप न्यूनतम समर्थन मूल्य की गारंटी, कर्ज से राहत, सिंचाई और बिजली की समुचित व्यवस्था, तथा कृषि से जुड़े अन्य बुनियादी मुद्दे शामिल हैं। इन सभी मांगों को संकल्प पत्र के माध्यम से दर्ज किया जा रहा है।

संयुक्त किसान मोर्चा ने यह भी घोषणा की है कि 7 फरवरी से कन्याकुमारी से कश्मीर तक किसान यात्रा शुरू की जाएगी। यह यात्रा देशभर के किसानों को एकजुट करने का माध्यम बनेगी। यात्रा के समापन के बाद 19 मार्च को नई दिल्ली के रामलीला मैदान में किसानों की बड़ी महापंचायत आयोजित की जाएगी, जहां देश के लाखों गांवों से एकत्रित संकल्प पत्रों की प्रतियां प्रधानमंत्री को सौंपी जाएंगी।

मोर्चा नेताओं का कहना है कि यदि किसानों की समस्याओं पर गंभीरता से विचार नहीं किया गया, तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा। फिलहाल प्रदेश के गांव-गांव में चल रहे इस हस्ताक्षर अभियान को किसानों का व्यापक समर्थन मिल रहा है, जिससे आने वाले दिनों में किसान आंदोलन के और तेज होने की संभावना है।

No comments:

Post a Comment

Pages