जमुई को मिला नया सिविल सर्जन, डॉ. अशोक कुमार सिंह ने संभाला कार्यभार
🔹स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार, अनुशासन और जवाबदेही पर रहेगा विशेष फोकस।
जमुई : जमुई सदर अस्पताल परिसर स्थित सिविल सर्जन कार्यालय में मंगलवार को नए सिविल सर्जन के रूप में डॉ. अशोक कुमार सिंह ने विधिवत रूप से पदभार ग्रहण किया। प्रभारी सिविल सर्जन डॉ. सैय्यद नौशाद अहमद ने उन्हें जिले के 26वें सिविल सर्जन के रूप में कार्यभार सौंपा। इस अवसर पर जिला कार्यक्रम प्रबंधक (डीपीएम) पवन कुमार सहित कई चिकित्सा पदाधिकारी एवं स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित रहे।
पदभार ग्रहण करने के बाद नवागत सिविल सर्जन डॉ. अशोक कुमार सिंह ने कहा कि स्वास्थ्य सेवा एक चुनौतीपूर्ण लेकिन अत्यंत महत्वपूर्ण दायित्व है। इसे बेहतर ढंग से संचालित करने के लिए कार्य संस्कृति में बदलाव आवश्यक है। सभी चिकित्सकों और स्वास्थ्य कर्मियों को अपनी जिम्मेदारियों को समझते हुए पूरी निष्ठा के साथ कार्य करना होगा।
उन्होंने स्पष्ट किया कि उपलब्ध संसाधनों के भीतर रहकर भी बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं देना प्रशासन की प्राथमिकता होगी। अस्पतालों में आने वाले मरीजों और उनके परिजनों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सकारात्मक और व्यावहारिक कदम उठाए जाएंगे। सदर अस्पताल से लेकर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों तक दवाओं की समय पर उपलब्धता और मरीजों की समुचित देखभाल सुनिश्चित की जाएगी।
डॉ. सिंह ने कहा कि सरकार द्वारा संचालित सभी स्वास्थ्य कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से लागू किया जाएगा। विशेष रूप से आयुष्मान भारत योजना का लाभ जिले के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक शत-प्रतिशत पहुंचे, इसके लिए विशेष प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने यह भी चेतावनी दी कि ड्यूटी में लापरवाही, रोस्टर का उल्लंघन या अनुपस्थिति को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषी पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने कहा कि मानवता की सेवा ही उनका मूल उद्देश्य है और वे अपने कर्तव्यों के प्रति पूरी निष्ठा के साथ कार्य करेंगे। इसके लिए उन्होंने स्वास्थ्यकर्मियों के साथ-साथ जिलावासियों से भी सहयोग की अपील की। साथ ही उन्होंने सभी को नववर्ष की अग्रिम शुभकामनाएं देते हुए स्वस्थ और मंगलमय जीवन की कामना की।
इस अवसर पर पूर्व प्रभारी सिविल सर्जन डॉ. सैय्यद नौशाद अहमद ने कहा कि डॉ. अशोक कुमार सिंह अपने अनुभव और नेतृत्व क्षमता के बल पर जमुई की स्वास्थ्य सेवाओं को नई दिशा और ऊंचाई प्रदान करेंगे। उन्होंने नवपदस्थापित सिविल सर्जन के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
उधर, सिविल सर्जन कार्यालय पहुंचने पर डीपीएम पवन कुमार के नेतृत्व में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों और कर्मियों ने पुष्पगुच्छ भेंट कर डॉ. सिंह का स्वागत एवं अभिनंदन किया। डॉ. सिंह ने भी सभी के प्रति आभार जताते हुए सौहार्दपूर्ण वातावरण में कार्य करने की प्रतिबद्धता दोहराई।

No comments:
Post a Comment