जमुई : सिकंदरा प्रखंड के मिर्च पाठक चक पंचायत के वार्ड संख्या 08 स्थित मतदान केंद्र संख्या 263 पर आज दिनांक 31 अक्टूबर 2025 को आगामी बिहार विधानसभा चुनाव 2025 को लेकर मतदाता जागरूकता अभियान के अंतर्गत एक जन संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
यह कार्यक्रम बाल विकास परियोजना पदाधिकारी श्रीमती प्रेरणा कुमारी के निर्देशानुसार आयोजित किया गया, जिसकी अध्यक्षता पर्यवेक्षिका संगीता कुमारी ने की तथा कार्यक्रम का संचालन सेविका सुनैना देवी द्वारा किया गया।
जन संवाद के दौरान उपस्थित ग्रामीणों और महिलाओं को मतदान के महत्व, शत-प्रतिशत मतदान तथा निर्भीक, निष्पक्ष और नैतिक मतदान के प्रति जागरूक किया गया। वक्ताओं ने कहा कि मतदान केवल अधिकार नहीं, बल्कि लोकतंत्र की नींव को मजबूत करने का दायित्व भी है।
कार्यक्रम में विशेष रूप से महिलाओं की सक्रिय भागीदारी पर बल दिया गया। वक्ताओं ने बताया कि महिलाएं परिवार और समाज की निर्णायक शक्ति हैं, उनका एक वोट समाज की दिशा और दशा दोनों बदल सकता है। यदि महिलाएं आगे बढ़कर मतदान में हिस्सा लेंगी, तो लोकतंत्र और अधिक सशक्त बनेगा।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य यह था कि मिर्च पाठक चक पंचायत के प्रत्येक मतदाता, विशेषकर महिलाएं, आगामी विधानसभा चुनाव में बढ़-चढ़कर भाग लें और 100 प्रतिशत मतदान सुनिश्चित करें।
जन संवाद कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने “पहले मतदान, फिर जलपान” का संकल्प लिया और 11 नवंबर को होने वाले मतदान में अपने-अपने वोट का प्रयोग अवश्य करने का वादा किया।

No comments:
Post a Comment