जीविका दीदियों के जोश से गूंज उठा जमुई — “वोट फॉर बिहार, आओ करें मतदान” के संदेश से पूरा जिला सराबोर - City Channel

Breaking

Friday, October 31, 2025

जीविका दीदियों के जोश से गूंज उठा जमुई — “वोट फॉर बिहार, आओ करें मतदान” के संदेश से पूरा जिला सराबोर

जमुई : “लोकतंत्र के इस महापर्व में भाग लें, 11 नवम्बर को अवश्य करें मतदान”, “वोट फॉर बिहार — आओ करें मतदान”, “मेरा वोट, मेरा अधिकार” जैसे नारों से जमुई जिला इन दिनों गूंज रहा है। आगामी बिहार विधानसभा चुनाव 2025 को लेकर चल रहे स्वीप कार्यक्रम के तहत जीविका दीदियों ने मतदाता जागरूकता अभियान को नई ऊंचाइयों पर पहुँचा दिया है।

जिले के विभिन्न पंचायतों में रोजाना आयोजित ग्राम संगठन और स्वयं सहायता समूहों की बैठकों में जीविका दीदियां पूरे उत्साह से भाग ले रही हैं। वे रंगोली, मेहंदी, रैली और मतदाता शपथ जैसी रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से ग्रामीण इलाकों में मतदान के प्रति जागरूकता फैला रही हैं। उनका उद्देश्य है कि लोकतंत्र के इस पर्व में हर नागरिक की सहभागिता सुनिश्चित हो।

गौरतलब है कि जमुई जिले में 11 नवम्बर को विधानसभा चुनाव के द्वितीय चरण का मतदान होगा। इस बार जिले के चारों विधानसभा क्षेत्र — जमुई, झाझा, सिकंदरा और चकाई में सुबह 7 बजे से शाम 5 बजे तक वोटिंग होगी। मतदान का समय बढ़ाए जाने से मतदाताओं में उत्साह का माहौल है।

बारिश के बावजूद शुक्रवार को जीविका दीदियों का जोश कम नहीं हुआ। जिले के दसों प्रखंडों में आयोजित बैठकों में उन्होंने “शत-प्रतिशत मतदान” का संकल्प लिया और गांव-गांव जागरूकता रैली निकाली।

सिकंदरा प्रखंड के खरडीह पंचायत में दीदियों ने रंगोली के माध्यम से “वोट फॉर बिहार” का संदेश दिया, वहीं सोनो प्रखंड के पैरा मटियाना पंचायत में परिवर्तन जीविका महिला संकुल संघ की महिलाओं ने बीपीएम अजय कुमार के नेतृत्व में मतदाता शपथ ली और रैली निकालकर मतदान के महत्व को रेखांकित किया।

झाझा प्रखंड के जामू खेरैया पंचायत में विकास जीविका महिला ग्राम संगठन व दीवा स्वयं सहायता समूह, बेनीबांक पंचायत में कृष्ण स्वयं सहायता समूह और महिला शक्ति ग्राम संगठन, जमुई सदर के चौडीहा पंचायत में मिलन ग्राम संगठन, तथा गिद्धौर प्रखंड के रतनपुर पंचायत में कोयल ग्राम संगठन की दीदियों ने रंगोली, नारे, रैली और शपथ के जरिये मतदाता जागरूकता अभियान चलाया।

दीदियों का यह अभियान ग्रामीण जनजीवन में लोकतंत्र के प्रति जागरूकता और मतदान के अधिकार के महत्व को मजबूती से स्थापित कर रहा है।
जमुई अब एक स्वर में कह रहा है — “मेरा वोट, मेरा गर्व... 11 नवम्बर को जरूर करें मतदान।”

No comments:

Post a Comment

Pages