जमुई में लौह पुरुष सरदार पटेल की 150वीं जयंती पर “रन फॉर यूनिटी” का भव्य आयोजन, एकता और देशभक्ति का उमड़ा जज्बा - City Channel

Breaking

Friday, October 31, 2025

जमुई में लौह पुरुष सरदार पटेल की 150वीं जयंती पर “रन फॉर यूनिटी” का भव्य आयोजन, एकता और देशभक्ति का उमड़ा जज्बा

जमुई : जमुई में आज देश के लौह पुरुष और भारत के प्रथम उपप्रधानमंत्री सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती श्रद्धा, जोश और राष्ट्रीय एकता के संकल्प के साथ मनाई गई। इस अवसर पर “रन फॉर यूनिटी” का भव्य आयोजन हुआ, जिसमें पुलिसकर्मियों के साथ-साथ बड़ी संख्या में आम नागरिकों ने भी भाग लिया।

मुख्य कार्यक्रम श्रीकृष्ण सिंह स्टेडियम में आयोजित हुआ, जहाँ जिलाधिकारी नवीन कुमार और पुलिस अधीक्षक विश्वजीत दयाल ने हरी झंडी दिखाकर दौड़ की शुरुआत की। इस दौरान एसडीपीओ सतीश सुमन, साइबर डीएसपी राजन कुमार, डीएसपी रक्षित सुरेश प्रसाद, थानाध्यक्ष अमरेंद्र कुमार समेत कई अधिकारी शामिल रहे।

एकता दौड़ कचहरी चौक, महिसौड़ी चौक, पंच मंदिर रोड, थाना चौक, अटल बिहारी चौक और महाराजगंज चौक से गुजरते हुए पुनः स्टेडियम में समाप्त हुई। पूरे मार्ग में “भारत माता की जय”, “वंदे मातरम्” और “एक भारत-श्रेष्ठ भारत” के गगनभेदी नारों से वातावरण गुंजायमान रहा।

अपने संबोधन में डीएम नवीन कुमार ने कहा कि सरदार पटेल ने 563 रियासतों को एक भारत में जोड़कर असंभव को संभव कर दिखाया। उन्होंने बताया कि अगर पटेल का योगदान न होता, तो आज भारत का नक्शा कुछ और होता। उन्होंने कहा कि यह दिवस हमें एकता, अखंडता और राष्ट्रीय एकजुटता की प्रेरणा देता है।

वहीं, एसपी विश्वजीत दयाल ने कहा कि सरदार पटेल ने अपने दृढ़ निश्चय और राजनीतिक कौशल से भारत को एक सूत्र में पिरोया। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे पटेल के जीवन से प्रेरणा लेकर देश की अखंडता, सामाजिक सौहार्द और विकास के लिए कार्य करें। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने “एक भारत-श्रेष्ठ भारत” की शपथ ली।

कार्यक्रम के दौरान मतदाता जागरूकता अभियान भी चलाया गया, जिसमें “जमुई पुलिस का आह्वान — शाम पाँच बजे तक करें मतदान” जैसे नारे लगाए गए। प्रतिभागियों से आगामी 11 नवंबर को होने वाले विधानसभा चुनाव में मतदान करने की अपील की गई।

यह आयोजन न केवल राष्ट्रीय एकता दिवस का प्रतीक बना, बल्कि जमुई की धरती पर देशभक्ति, नागरिक जिम्मेदारी और लोकतांत्रिक चेतना का संदेश भी बिखेर गया।

No comments:

Post a Comment

Pages