लक्ष्मीपुर के गुरिया में विधायक कोष से बने विवाह भवन का उद्घाटन
सिटी संवाददाता : ब्रह्मदेव प्रसाद यादव
झाझा, जमुई : लक्ष्मीपुर प्रखंड के हरला पंचायत अंतर्गत गुरिया गांव में शनिवार को विधायक कोष से निर्मित विवाह भवन का उद्घाटन किया गया। स्थानीय विधायक एवं पूर्व मंत्री दामोदर रावत ने फीता काटकर भवन का लोकार्पण किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में ग्रामीण और स्थानीय प्रतिनिधि मौजूद रहे।
उद्घाटन समारोह में विधायक रावत ने कहा कि पिछले पाँच वर्षों में विधानसभा क्षेत्र के हर गांव में विकास कार्य किए गए हैं। उन्होंने विशेष रूप से लक्ष्मीपुर क्षेत्र में हुए प्रमुख कार्यों का उल्लेख किया। रावत ने बताया कि लक्ष्मीपुर में लंबे समय से प्रतीक्षित प्लस टू कन्या उच्च विद्यालय का नया भवन तैयार किया गया है। विद्यालय पिछले 25 वर्षों से किराये और अस्थायी भवन में संचालित हो रहा था। भूमि उपलब्ध होने में विलंब के कारण निर्माण कार्य अटका रहा, लेकिन अब 1 करोड़ 82 लाख रुपये की लागत से इसका निर्माण पूरा हुआ है।
विधायक ने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में विकास के लिए सरकार गंभीर है। इसी क्रम में लक्ष्मीपुर रेफरल अस्पताल में भी आधुनिक सुविधाओं से लैस नया भवन तैयार कराया गया है, जिससे ग्रामीणों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा मिलेगी।
उन्होंने आगे बताया कि राज्य सरकार प्रखंड स्तर पर डिग्री कॉलेज स्थापित करने की योजना पर काम कर रही है। इसके लिए सभी अंचलाधिकारियों से जमीन की उपलब्धता को लेकर रिपोर्ट मांगी गई है। जैसे ही रिपोर्ट मिलेगी, भवन निर्माण हेतु टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी। इससे ग्रामीण छात्रों को उच्च शिक्षा के लिए बाहर भटकना नहीं पड़ेगा।
विधायक ने कहा कि नीतीश सरकार की प्राथमिकता विकास और जनकल्याण है। विशेष रूप से महिलाओं के सशक्तिकरण और आत्मनिर्भरता के लिए अनेक योजनाएँ चलाई जा रही हैं। जीविका समूहों और स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से महिलाएँ आर्थिक रूप से मजबूत हो रही हैं।
कार्यक्रम के अंत में दामोदर रावत ने कहा कि वे झाझा विधानसभा क्षेत्र के विकास के लिए प्रतिबद्ध हैं और स्थानीय जनता की सभी मांगों को पूरा करने का प्रयास लगातार जारी रहेगा। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि वे विकास कार्यों में भागीदारी निभाते हुए क्षेत्र को शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के क्षेत्र में आदर्श बनाएं।

No comments:
Post a Comment