जमुई : जिले की पुलिस ने गौ तस्करी के एक बड़े गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए 32 गायों को बरामद किया है। इस कार्रवाई में पुलिस ने छह तस्करों को गिरफ्तार किया है। मामला टाउन थाना क्षेत्र के महिसौड़ी इलाके का है, जहां पुलिस ने देर रात गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी की।
जानकारी के अनुसार, सदर एसडीपीओ सतीश सुमन को सूचना मिली थी कि एक भारी वाहन के जरिए बड़ी संख्या में गायों की तस्करी की जा रही है। सूचना के बाद टाउन थाना अध्यक्ष अमरेंद्र कुमार के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई और रात में जांच अभियान चलाया गया। इसी दौरान एक संदिग्ध 14 चक्का ट्रक को रोका गया। तलाशी लेने पर उसमेंぎ 32 गायें ठूंस-ठूंस कर भरी पाई गईं।
पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि इन गायों को बक्सर जिले से अवैध रूप से लोड किया गया था। तस्करों की योजना इन्हें नवादा होते हुए जमुई मार्ग से कोलकाता ले जाने की थी। इस दौरान पुलिस ने मौके से छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। सभी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
बरामद गायों को फिलहाल एक जिम्मेदार निजी व्यक्ति की देखरेख में सौंपा गया है, ताकि उनकी उचित देखभाल की जा सके। पुलिस ने इस मामले में प्राथमिकी दर्ज कर तफ्तीश शुरू कर दी है।
एसडीपीओ सतीश सुमन ने बताया कि जिले में लगातार गौ तस्करी की सूचना मिल रही थी, जिसके बाद पुलिस सक्रिय हुई। उन्होंने कहा कि इस तरह की अवैध गतिविधियों पर पूरी तरह रोक लगाने के लिए कठोर कदम उठाए जा रहे हैं। तस्करी में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
गौरतलब है कि बिहार-झारखंड की सीमावर्ती इलाकों में मवेशियों की तस्करी अक्सर होती रही है। पुलिस की इस कार्रवाई के बाद जिले में गौ तस्करी के खिलाफ एक सख्त संदेश गया है। ग्रामीणों ने भी पुलिस की इस सफलता की सराहना की और कहा कि ऐसी कार्रवाई नियमित रूप से होनी चाहिए।

No comments:
Post a Comment