गोरक्षा को लेकर बड़ा ऐलान: बिहार की सभी 243 सीटों पर उम्मीदवार खड़ा करेंगे शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानन्द - City Channel

Breaking

Sunday, September 21, 2025

गोरक्षा को लेकर बड़ा ऐलान: बिहार की सभी 243 सीटों पर उम्मीदवार खड़ा करेंगे शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानन्द

सिटी संवाददाता : गणेश कुमार सिंह

सिमुलतला : ज्योतिष पीठ के जगतगुरु शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानन्द सरस्वती ने आज सिमुलतला में गोरक्षा को लेकर बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि जब किसी भी राजनीतिक दल ने गोरक्षा को प्राथमिकता नहीं दी, तो अब वे बिहार की सभी 243 विधानसभा सीटों पर गौ-रक्षकों को प्रत्याशी बनाएंगे।

बांका से सड़क मार्ग होते हुए जमुई जाते समय उनका सिमुलतला में भव्य स्वागत किया गया। शिवालय चौक और टेलवा मोड़ पर जिला पार्षद प्रतिनिधि आलोक राज, खुरंडा मुखिया प्रतिनिधि रामदेव यादव और पंसस सदस्य विनोद यादव के नेतृत्व में दर्जनों लोगों ने उन्हें अंगवस्त्र और माल्यार्पण कर सम्मानित किया।

स्थानीय मीडिया से बातचीत में शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानन्द ने कहा कि सनातनी परंपरा के अनुसार आज भी अधिकांश हिंदू घरों में पहली रोटी गाय माता को दी जाती है। इससे स्पष्ट है कि सनातन संस्कृति में गोरक्षा सर्वोपरि है। उन्होंने कहा कि देश की आजादी के समय से ही गोरक्षा की मांग उठती रही है, लेकिन अब तक किसी राजनीतिक दल ने इसे गंभीरता से नहीं लिया। यही कारण है कि उन्होंने बिहार में प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र से गौ-भक्तों को प्रत्याशी बनाने का निर्णय लिया है।

उन्होंने स्पष्ट किया कि चुनाव प्रचार भी वे स्वयं करेंगे और जनता को जागरूक करेंगे कि गोरक्षा केवल धार्मिक आस्था ही नहीं, बल्कि समाज की सांस्कृतिक धरोहर से जुड़ा मुद्दा है। शंकराचार्य ने कहा कि गाय हमारी संस्कृति, कृषि और ग्रामीण जीवन की रीढ़ रही है। यदि गोरक्षा सुनिश्चित हो, तो न केवल धार्मिक परंपराओं की रक्षा होगी, बल्कि किसानों और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।

इस मौके पर मौजूद लोगों ने शंकराचार्य के विचारों का समर्थन किया और कहा कि गोरक्षा का मुद्दा आज भी उतना ही प्रासंगिक है जितना दशकों पहले था। भीड़ में शामिल कई लोगों ने कहा कि अब समय आ गया है कि गोरक्षा को लेकर ठोस राजनीतिक पहल हो।

शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानन्द का यह ऐलान बिहार की राजनीति में नई हलचल पैदा करने वाला माना जा रहा है।

No comments:

Post a Comment

Pages