बच्चे ही राष्ट्र का भविष्य, शिक्षा से बनेगा सशक्त समाज : निर्भय प्रताप सिंह - City Channel

Breaking

Saturday, September 20, 2025

बच्चे ही राष्ट्र का भविष्य, शिक्षा से बनेगा सशक्त समाज : निर्भय प्रताप सिंह

बच्चे ही राष्ट्र का भविष्य, शिक्षा से बनेगा सशक्त समाज : निर्भय प्रताप सिंह


सिटी ब्यूरो रिपोर्ट : राजीव रंजन/राकेश कुमार

जमुई : राष्ट्र गुणगान यात्रा के तहत नेचर विलेज के संस्थापक एवं पूर्व अंचलाधिकारी निर्भय प्रताप सिंह इन दिनों जमुई जिले के गांव-गांव और विद्यालयों का दौरा कर रहे हैं। इस दौरान वे बच्चों, अभिभावकों और ग्रामीणों को शिक्षा, अनुशासन और राष्ट्रप्रेम का संदेश दे रहे हैं। उनका कहना है कि “आज के बच्चे ही कल का भविष्य हैं, यदि उन्हें सही मार्गदर्शन और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिलेगी तो विकसित भारत का सपना अवश्य पूरा होगा।”

बुधवार को स्थानीय एक विद्यालय पहुंचे निर्भय प्रताप सिंह ने विद्यार्थियों के बीच संवाद करते हुए शिक्षा को जीवन की सबसे बड़ी ताकत बताया। उन्होंने कहा कि पढ़ाई को कभी बोझ न समझें, बल्कि इसे अवसर के रूप में देखें। हर बच्चा यदि पढ़ाई में आगे बढ़ेगा तो उसका परिवार ही नहीं, पूरा देश सशक्त होगा।

विद्यालय परिसर में बच्चों ने तिरंगा लहराकर उनका स्वागत किया। इस मौके पर उन्होंने शिक्षकों और अभिभावकों से भी बातचीत की। उन्होंने कहा कि बच्चों को केवल किताबों की शिक्षा देना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उन्हें नैतिक मूल्यों, संस्कारों और शहीदों की गाथाओं से भी परिचित कराना आवश्यक है। तभी उनमें समाज और देश के प्रति जिम्मेदारी का भाव जागृत होगा।

ग्रामीण अभिभावकों को संबोधित करते हुए उन्होंने अपील की कि वे अपने बच्चों की पढ़ाई को लेकर लापरवाही न बरतें। “हर बच्चा अगर नियमित विद्यालय जाएगा तो अशिक्षा और पिछड़ापन दूर होगा और समाज आगे बढ़ेगा,” उन्होंने कहा।

राष्ट्र गुणगान यात्रा के दौरान जगह-जगह लोग उनका अभिनंदन कर रहे हैं। बच्चे, महिलाएँ और बुजुर्ग तिरंगे के साथ स्वागत कर रहे हैं और भारत माता की जय, वंदे मातरम जैसे नारों से वातावरण गूंज रहा है।

गौरतलब है कि जमुई और आसपास के क्षेत्रों में उनकी इस यात्रा को लगातार समर्थन मिल रहा है। लोग शिक्षा और जागरूकता पर आधारित उनके अभियान से प्रभावित होकर इसमें जुड़ रहे हैं। क्षेत्र में उनकी विचारधारा को लेकर उत्साह देखा जा रहा है।

No comments:

Post a Comment

Pages