अमरथ में ग्रामीण कौशल प्रशिक्षण केंद्र का अगरबत्ती निर्माण शिविर संपन्न, 35 महिलाओं को मिला सर्टिफिकेट
जमुई : सदर प्रखंड के अमरथ गांव स्थित ग्रामीण कौशल प्रशिक्षण केंद्र (RCT) द्वारा आयोजित 12 दिवसीय निःशुल्क अगरबत्ती निर्माण प्रशिक्षण शिविर का समापन शनिवार को किया गया। इस अवसर पर 35 महिलाओं को प्रशिक्षण पूर्ण करने पर सर्टिफिकेट प्रदान किए गए।
समापन समारोह में जीविका के जॉब मैनेजर सुजीत गुप्ता मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने RCT की निदेशक अमिता तिग्गा के साथ संयुक्त रूप से महिलाओं को प्रमाणपत्र वितरित किए। इस दौरान प्रशिक्षण प्राप्त महिलाओं ने अगरबत्ती निर्माण की विधि का प्रदर्शन कर सबका उत्साह बढ़ाया।
निदेशक अमिता तिग्गा ने जानकारी दी कि शिविर में प्रतिभागी महिलाओं को न केवल प्रशिक्षण दिया गया, बल्कि भोजन, आवास और यूनिफॉर्म भी निःशुल्क उपलब्ध कराए गए। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री मुद्रा योजना के तहत इन महिलाओं को स्वरोजगार की दिशा में आगे बढ़ने के लिए 50 हजार रुपए तक का ऋण उपलब्ध कराया जाएगा। बड़े पैमाने पर व्यवसाय शुरू करने की इच्छुक महिलाओं के लिए ऋण की राशि और भी बढ़ाई जा सकती है।
कार्यक्रम में भाग लेने वाली नीलम देवी ने कहा कि प्रशिक्षण से उन्हें आत्मनिर्भर बनने का अवसर मिला है और अब वे अगरबत्ती निर्माण का कार्य शुरू करेंगी। इसी तरह सुधा देवी, चंदा देवी, सुषमा देवी, शबाना प्रवीन और बेबी देवी सहित कुल 35 महिलाओं ने शिविर में हिस्सा लिया।
मुख्य अतिथि सुजीत गुप्ता ने महिलाओं को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि स्वरोजगार से जुड़ने वाली महिलाएँ न केवल खुद को आत्मनिर्भर बना रही हैं, बल्कि परिवार और समाज की आर्थिक स्थिति को भी मजबूत कर रही हैं। उन्होंने सभी प्रशिक्षित महिलाओं से अपील की कि वे आगे चलकर अपने गांव की अन्य महिलाओं को भी इस दिशा में प्रेरित करें।
इस पहल को ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस प्रकार के प्रशिक्षण शिविर नियमित रूप से आयोजित किए जाने चाहिए, ताकि अधिक से अधिक महिलाएँ रोजगार से जुड़ सकें।

No comments:
Post a Comment