जमुई में सामाजिक न्याय पार्टी का जिला विस्तार, त्रिलोकी पासवान बने जिलाध्यक्ष, परी पासवान लड़ेंगी सिकंदरा से चुनाव
जमुई : सामाजिक न्याय पार्टी ने रविवार को जिले में संगठनात्मक विस्तार किया। इस अवसर पर पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष परी पासवान और प्रदेश अध्यक्ष मनोज पासवान विशेष रूप से उपस्थित रहे। बैठक में संगठन की नई टीम की घोषणा की गई, जिसमें विभिन्न पदों पर जिम्मेदारियाँ सौंपी गईं।
जिला स्तर पर त्रिलोकी पासवान को नया जिला अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। वहीं, सिम्पल कुमारी और कविता कुमारी को जिला उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई। संगठनात्मक मजबूती के लिए प्रखंड स्तर पर भी नई टीम गठित की गई है।
खैरा प्रखंड में कविता कुमारी अध्यक्ष और पिंकी कुमारी उपाध्यक्ष बनीं। बरहट प्रखंड की कमान बिंदु कुमारी को अध्यक्ष और रीना देवी को उपाध्यक्ष के रूप में दी गई। इसी प्रकार सिकंदरा प्रखंड में धर्मशिला कुमारी और भगवान पासवान अध्यक्ष बनाए गए, जबकि काजल कुमार को उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया। अलीगंज प्रखंड की जिम्मेदारी देयमंती कुमारी को अध्यक्ष और सुमन पासवान को उपाध्यक्ष के रूप में दी गई। लक्ष्मीपुर प्रखंड में भासों देवी को अध्यक्ष बनाया गया, वहीं पंचायत स्तर पर पूनम कुमारी को पंचायत अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई।
राष्ट्रीय अध्यक्ष परी पासवान ने संगठन विस्तार पर खुशी जताई और कहा कि नई टीम के साथ पार्टी को जमीनी स्तर पर मजबूत किया जाएगा। उन्होंने इस मौके पर आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर भी बड़ी घोषणा की। परी पासवान ने कहा कि पार्टी बिहार विधानसभा में सीमित सीटों पर ही चुनाव लड़ेगी। पहले 30 सीटों पर प्रत्याशी उतारने की योजना थी, लेकिन उपयुक्त उम्मीदवारों की कमी के कारण अब पार्टी केवल चुनिंदा सीटों पर ही मैदान में उतरेगी।
उन्होंने स्वयं जमुई जिले के सिकंदरा विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ने की घोषणा की। परी पासवान ने कहा कि सिकंदरा क्षेत्र सामाजिक न्याय पार्टी की विचारधारा का गढ़ बनेगा और यहां से वे समाज के कमजोर, पिछड़े और वंचित वर्ग की आवाज बुलंद करेंगी।
प्रदेश अध्यक्ष मनोज पासवान ने कहा कि पार्टी गरीब, दलित और पिछड़े वर्ग की ताकत बनकर उभरेगी। नई टीम से उम्मीद है कि वे गांव-गांव तक पार्टी की विचारधारा पहुंचाने का काम करेगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर संगठन को मजबूत करने और जनता की समस्याओं को उठाने का आह्वान किया।
इस मौके पर बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे और नए पदाधिकारियों को बधाई दी।
No comments:
Post a Comment