बसउआ गांव से सेलून व्यवसायी का अपहरण, 12 हथियारबंद बदमाशों ने दिया वारदात को अंजाम - City Channel

Breaking

Monday, September 22, 2025

बसउआ गांव से सेलून व्यवसायी का अपहरण, 12 हथियारबंद बदमाशों ने दिया वारदात को अंजाम

बसउआ गांव से सेलून व्यवसायी का अपहरण, 12 हथियारबंद बदमाशों ने दिया वारदात को अंजाम

सिटी संवाददाता : पंकज बरनवाल

सोनो, जमुई : चरका पत्थर थाना क्षेत्र के बसउआ गांव में रविवार की देर रात एक सनसनीखेज वारदात ने पूरे इलाके में दहशत फैला दी। आधी रात के बाद करीब एक दर्जन हथियारबंद नकाबपोश बदमाशों ने घर में घुसकर एक युवक को बुरी तरह पीटा और हथियार के बल पर उसका अपहरण कर लिया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस प्रशासन हरकत में आया और अपहृत व्यवसायी की तलाश शुरू कर दी गई।

अपहृत की पहचान बसउआ गांव निवासी तीरो ठाकुर के पुत्र एवं 25 वर्षीय सेलून व्यवसायी रंजय ठाकुर के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, रंजय रविवार रात खाना खाकर घर में सोए हुए थे। इसी दौरान रात करीब ढाई बजे 10 से 15 की संख्या में हथियार और लाठी-डंडे से लैस बदमाश नकाब पहनकर घर में घुस आए। बदमाशों ने रंजय के साथ मारपीट की और फिर उन्हें जबरन उठाकर ले गए।

परिवार द्वारा थाने में दिए गए आवेदन में यह भी उल्लेख किया गया है कि अपहरण की जड़ें कुछ दिन पहले के विवाद से जुड़ी हो सकती हैं। 21 सितंबर को रंजय ठाकुर अपने सेलून पर काम कर रहे थे। उसी समय महेश्वरी गांव का धनराज सिंह बाल-दाढ़ी कटवाने आया था। पैसे मांगने पर उसने न केवल गाली-गलौज की बल्कि मारपीट कर यह धमकी भी दी थी कि "बुरा अंजाम भुगतना पड़ेगा।" परिजन आशंका जता रहे हैं कि उसी विवाद का परिणाम यह अपहरण है।

घटना की जानकारी मिलते ही चरका पत्थर थानाध्यक्ष विशाल सिंह दल-बल के साथ मौके पर पहुँचे और छानबीन शुरू की। थानाध्यक्ष ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पैसे के लेन-देन से जुड़ा विवाद सामने आया है। पुलिस ने शक के आधार पर कई ठिकानों पर छापेमारी की है और जल्द ही अपराधियों को पकड़ लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि अपहृत युवक को सुरक्षित बरामद करना उनकी प्राथमिकता है और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

इस सनसनीखेज घटना के बाद बसउआ गांव और आसपास के क्षेत्रों में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि बदमाश जिस आसानी से हथियार लेकर घर में घुसे और युवक को उठा ले गए, उससे लोगों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। फिलहाल पुलिस की टीम मामले की गहराई से जांच कर रही है और अपहृत युवक की तलाश तेज कर दी गई है।

No comments:

Post a Comment

Pages