बिहार बंद के दौरान जमुई में एनडीए का जोरदार प्रदर्शन, विधायक श्रेयसी सिंह ने विपक्ष पर बोला हमला - City Channel

Breaking

Thursday, September 4, 2025

बिहार बंद के दौरान जमुई में एनडीए का जोरदार प्रदर्शन, विधायक श्रेयसी सिंह ने विपक्ष पर बोला हमला

बिहार बंद के दौरान जमुई में एनडीए का जोरदार प्रदर्शन, विधायक श्रेयसी सिंह ने विपक्ष पर बोला हमला

सिटी ब्यूरो रिपोर्ट : राजीव रंजन/राकेश कुमार

जमुई/बिहार : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मां को अपमानजनक शब्द कहे जाने के विरोध में एनडीए द्वारा बुलाए गए बिहार बंद का जमुई जिले में व्यापक असर देखा गया। सुबह 7 बजे से दोपहर 12 बजे तक पाँच घंटे तक शहर की सड़कों पर एनडीए कार्यकर्ताओं का गुस्सा उमड़ पड़ा। जगह-जगह नारेबाजी और सड़क जाम से यातायात प्रभावित रहा। बाजारों में दुकानों को भी बंद कराया गया।

जमुई के कचहरी चौक पर भाजपा, जदयू, लोजपा (रामविलास), हम और राष्ट्रीय लोक मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने संयुक्त रूप से विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान जमुई विधायक श्रेयसी सिंह ने नेतृत्व करते हुए कहा कि “पीएम मोदी की मां को गाली देना भारतीय संस्कार नहीं है, यह अपमान पूरे देश का है। विपक्ष ने अपनी सोच को उजागर कर दिया है।” उन्होंने विपक्ष को जमकर आड़े हाथों लिया और कहा कि जनता सबक सिखाने के लिए तैयार है।

बंद की कमान भाजपा महिला मोर्चा के हवाले थी। महिला कार्यकर्ताओं की बड़ी संख्या में मौजूदगी से विरोध और अधिक प्रभावशाली बना। महिलाओं ने जोरदार नारे लगाकर पूरे क्षेत्र को गुंजायमान कर दिया।।इस दौरान कचहरी चौक पर एनडीए समर्थकों और जनसुराज पार्टी के नेता संजीव भाई के बीच तीखी बहस और धक्का-मुक्की की स्थिति भी उत्पन्न हो गई। हालांकि प्रशासन ने बीच-बचाव कर स्थिति को नियंत्रित कर लिया।

बिहार बंद का असर जिले के दस प्रखंडों — जमुई, बरहट, लक्ष्मीपुर, गिद्धौर, झाझा, सोनो, खैरा, चकाई, अलीगंज और सिकंदरा — में देखा गया। वहीं मलयपुर बाजार में प्रमुख रूबेन सिंह सहित एनडीए कार्यकर्ताओं की मौजूदगी से बाजार पूरी तरह बंद रहा।

जदयू के पूर्व जिलाध्यक्ष ई. शंभू शरण ने कहा कि पीएम मोदी की माता जी को गाली देकर विरोधियों ने अपनी मंशा साफ कर दी है। जमुई समेत बिहार की जनता इसे गंभीरता से लेती है। समूचा आवाम मोदी जी के साथ है।

वहीं बीजेपी जिलाध्यक्ष श्री केशरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मां को अपमानजनक गाली दिए जाने के विरोध में बिहार में बीजेपी और एनडीए के कार्यकर्ता सड़कों पर उतर आए। नेताओं और महिला कार्यकर्ताओं ने जोर-जोर से नारे लगाए और विरोध प्रदर्शन करते हुए अपना गुस्सा जताया। इस घटना के खिलाफ बंद और प्रदर्शन के जरिए जनता के बीच यह संदेश देने की कोशिश की जा रही है कि किसी भी अपमान या अन्याय को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने पीएम मोदी के अपमान को देश का अपमान करार दिया।

बताते चलें कि बिहार बंद को लेकर जमुई जिलाध्यक्ष दुर्गा प्रसाद केशरी, जदयू के पूर्व जिलाध्यक्ष ई. शंभू शरण, लोजपा (रा.) जिलाध्यक्ष जीवन सिंह, गोपाल कृष्ण, बृजनंदन सिंह, पिंकी वर्मा, सुनीता सिंह, श्यामानंद सिंह, अजय पासवान, श्यामसुंदर तांती समेत एनडीए के कई नेताओं और कार्यकर्ताओं ने सक्रिय भूमिका निभाई।

No comments:

Post a Comment

Pages