9 साल से फरार नक्सली गिरफ्तार, 2016 में सड़क निर्माण कराया था बाधित
सिटी संवाददाता : ब्रह्मदेव प्रसाद यादव
झाझा,जमुई/बिहार : नक्सल विरोधी अभियान के तहत जमुई पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। पुलिस ने गुरुवार को 9 साल से फरार नक्सली बुधन सोरेन को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार नक्सली चरकापत्थर थाना क्षेत्र के तेतरिया गांव निवासी बताया जा रहा है।
झाझा एसडीपीओ राजेश कुमार ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि बुधन सोरेन वर्ष 2016 में चरकापत्थर थाना कांड संख्या 108/16 में नामजद अभियुक्त था। उस पर आरोप है कि 31 जुलाई 2016 को करीब 20 से 25 हथियारबंद नक्सलियों के साथ मिलकर उसने चरैया से नेनीपत्थर के बीच चल रहे सड़क निर्माण कार्य में बाधा डाली थी। नक्सलियों ने निर्माण कार्य में लगी जेसीबी मशीन और ट्रैक्टर पर तेल छिड़ककर आगजनी की थी। इस घटना के बाद से बुधन सोरेन फरार चल रहा था और पुलिस उसकी तलाश में थी।
एसडीपीओ ने बताया कि गुप्त सूचना मिली थी कि करमा पूजा के मौके पर बुधन सोरेन अपने गांव आया हुआ है। सूचना की पुष्टि के बाद पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एसएसबी और चरकापत्थर थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए छापेमारी की और नक्सली को उसके गांव से गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार नक्सली से पूछताछ की जा रही है। पुलिस को उम्मीद है कि उसकी निशानदेही पर नक्सली संगठन की कई गतिविधियों और उसके सहयोगियों के बारे में अहम सुराग मिल सकते हैं। अधिकारियों का कहना है कि उसकी गिरफ्तारी से इलाके में नक्सल विरोधी अभियान को और मजबूती मिलेगी तथा ग्रामीण इलाकों में विकास कार्यों को बाधा पहुँचाने वाले नेटवर्क को कमजोर किया जा सकेगा।
एसडीपीओ राजेश कुमार ने बताया कि नक्सली गतिविधियों में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस लगातार सक्रिय है और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान जारी रहेगा।

No comments:
Post a Comment