इस्लामनगर गांव में अज्ञात महिला का शव पोखर में मिला, हत्या की आशंका
अलीगंज, जमुई/बिहार : चंद्रदीप थाना क्षेत्र के इस्लामनगर गांव में सोमवार की सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब गांव के बनचलवा पोखर में एक अज्ञात महिला का शव तैरता हुआ मिला। ग्रामीणों ने घटना की जानकारी तुरंत पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही चंद्रदीप थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। मृतका की पहचान अब तक नहीं हो पाई है।
घटनास्थल पर जांच के दौरान पुलिस को तालाब किनारे मृतका की ओढ़नी व्यवस्थित तरीके से रखी मिली, जिससे हत्या की आशंका गहरा गई है। स्थानीय लोगों का मानना है कि महिला की हत्या कर शव को पोखर में फेंका गया होगा।
चंद्रदीप थाना के अवर निरीक्षक सरयुग सिंह ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। मृतका की पहचान और हत्या के पीछे के कारणों का पता लगाने के प्रयास जारी हैं।
घटना की खबर फैलते ही आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए और क्षेत्र में दहशत का माहौल बना रहा।

No comments:
Post a Comment