सदर अस्पताल में अव्यवस्था देख भड़कीं विधायक श्रेयसी सिंह, फिजियोथैरेपी कक्ष बंद मिलने पर दी कड़ी चेतावनी - City Channel

Breaking

Friday, September 19, 2025

सदर अस्पताल में अव्यवस्था देख भड़कीं विधायक श्रेयसी सिंह, फिजियोथैरेपी कक्ष बंद मिलने पर दी कड़ी चेतावनी

सदर अस्पताल में अव्यवस्था देख भड़कीं विधायक श्रेयसी सिंह, फिजियोथैरेपी कक्ष बंद मिलने पर दी कड़ी चेतावनी

जमुई : सदर अस्पताल की व्यवस्थाओं को लेकर लंबे समय से उठ रही शिकायतें शुक्रवार को उस समय फिर सामने आ गईं, जब जमुई की विधायक श्रेयसी सिंह अचानक निरीक्षण पर पहुँचीं। औचक निरीक्षण के दौरान उन्होंने अस्पताल परिसर में अव्यवस्था देख नाराजगी जाहिर की। विशेषकर फिजियोथैरेपी कक्ष बंद मिलने पर विधायक ने सिविल सर्जन को कड़ी फटकार लगाई और तत्काल एसडीओ को अस्पताल पहुँचने का निर्देश दिया।

विधायक ने बताया कि महज दो दिन पहले किए गए निरीक्षण के दौरान अस्पताल प्रशासन ने फिजियोथैरेपी कक्ष को व्यवस्थित रूप से दिखाया था। लेकिन अचानक निरीक्षण करने पर वही कक्ष पूरी तरह बंद मिला। इस पर उन्होंने सिविल सर्जन से फोन पर फिजियोथैरेपी डॉक्टर को बुलवाकर लापरवाही के लिए कड़ी फटकार लगाई। श्रेयसी सिंह ने साफ कहा कि इस तरह की अनदेखी किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

निरीक्षण के दौरान विधायक ने पाया कि सुबह 11:10 बजे तक भी फिजियोथैरेपी डॉक्टर ड्यूटी पर मौजूद नहीं थे। उन्होंने चिकित्सकों और कर्मचारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि सभी को सुबह 9:30 बजे तक ड्यूटी पर अनिवार्य रूप से उपस्थित रहना होगा। समय पर उपस्थिति सुनिश्चित नहीं होने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने सिविल सर्जन को निर्देश दिया कि अनुपस्थित डॉक्टर और स्टाफ के खिलाफ तुरंत कार्रवाई की जाए। साथ ही उन्होंने कहा कि यदि समय पर रिपोर्ट प्रस्तुत नहीं की गई तो वे अस्पताल की जमीनी हकीकत मीडिया के माध्यम से जनता के सामने उजागर करेंगी।

विधायक की इस सख्ती से अस्पताल परिसर में मौजूद डॉक्टर और स्वास्थ्यकर्मी सकते में आ गए। निरीक्षण के दौरान श्रेयसी सिंह ने अस्पताल में भर्ती मरीजों और उनके परिजनों से भी बातचीत की और उनसे अस्पताल की सुविधाओं एवं व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने मरीजों को भरोसा दिलाया कि उनकी समस्याओं का समाधान प्राथमिकता पर होगा।

श्रेयसी सिंह ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि जनता की सुविधा और बेहतर स्वास्थ्य सेवा सुनिश्चित करना उनकी प्राथमिकता है। यदि अस्पताल प्रशासन और कर्मचारी अपनी जिम्मेदारियों के प्रति लापरवाह रहे तो दोषियों के खिलाफ कठोर कदम उठाए जाएंगे।

No comments:

Post a Comment

Pages