एनडीए कार्यकर्ता सम्मेलन में शामिल हुए संजय कुमार मंडल, मंत्री जयंत राज कुशवाहा ने किया सम्मानित
सिटी संवाददाता : चंद्रदेव बरनवाल
सोनो, जमुई : अमरपुर में आयोजित विधानसभा स्तरीय एनडीए कार्यकर्ता सम्मेलन में लोजपा (रामविलास) के प्रदेश महासचिव एवं चकाई विधानसभा क्षेत्र से पूर्व विधायक प्रत्याशी संजय कुमार मंडल ने प्रतिनिधित्व किया। इस मौके पर बिहार सरकार के भवन निर्माण मंत्री जयंत राज कुशवाहा ने उन्हें बुके और अंगवस्त्र भेंटकर सम्मानित किया।
सम्मेलन में उपस्थित कार्यकर्ताओं और आम लोगों को संबोधित करते हुए संजय कुमार मंडल ने कहा कि यह सम्मान उनके लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने बताया कि लोजपा (रामविलास) सुप्रीमो एवं भारत सरकार के मंत्री चिराग पासवान के मार्गदर्शन और निर्देश पर वे अमरपुर विधानसभा क्षेत्र में कार्यकर्ताओं के बीच पहुंचे। मंत्री जयंत राज कुशवाहा से सम्मान पाना और उनका आशीर्वाद प्राप्त करना उनके लिए गौरव की बात है, जिससे क्षेत्र की जनता की सेवा करने का उनका हौसला और मजबूत हुआ है।
कार्यकर्ता सम्मेलन में बड़ी संख्या में एनडीए समर्थक और स्थानीय ग्रामीण मौजूद थे। इस दौरान मंच से सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। इसमें पेंशन की बढ़ोतरी, 125 यूनिट तक मुफ्त बिजली, क्रेडिट कार्ड योजना में ब्याज माफी, जीविका दीदी को 10-10 हजार रुपये की आर्थिक सहायता सहित कई योजनाओं का उल्लेख किया गया।
संजय कुमार मंडल ने कहा कि एनडीए सरकार का लक्ष्य समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक विकास की रोशनी पहुँचाना है। उन्होंने उपस्थित कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे सरकार की योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक लोगों तक पहुँचाने में सहयोग करें।
मंडल ने यह भी कहा कि वे लगातार क्षेत्र की जनता के संपर्क में रहते हैं और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि एनडीए गठबंधन की नीतियों और योजनाओं से आने वाले समय में बिहार और अधिक मजबूत और विकसित बनेगा।
सम्मेलन में कार्यकर्ताओं का उत्साह देखते ही बन रहा था। स्थानीय स्तर पर पार्टी को मजबूत बनाने और संगठन विस्तार को लेकर भी चर्चा हुई। अंत में मंचासीन नेताओं ने सभी कार्यकर्ताओं से 2025 के विधानसभा चुनाव में एनडीए को प्रचंड बहुमत दिलाने का संकल्प लिया।

No comments:
Post a Comment