हरनाहा नहर से 12 दिन में मिले तीन नवजात शिशुओं के शव, फर्जी क्लीनिकों पर उठे सवाल - City Channel

Breaking

Friday, September 5, 2025

हरनाहा नहर से 12 दिन में मिले तीन नवजात शिशुओं के शव, फर्जी क्लीनिकों पर उठे सवाल

हरनाहा नहर से 12 दिन में मिले तीन नवजात शिशुओं के शव, फर्जी क्लीनिकों पर उठे सवाल


जमुई संवाददाता 

जमुई नगर परिषद क्षेत्र के हरनाहा नहर में लगातार नवजात शिशुओं के शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई है। बीते 12 दिनों में तीसरे शव बरामद होने से स्थानीय लोगों में आक्रोश है। शुक्रवार की दोपहर नहर से दो नवजात शिशुओं—एक लड़की और एक लड़का—के शव पानी में उपलाते पाए गए। इससे पहले 24 अगस्त को भी इसी नहर से एक अन्य नवजात का शव मिला था।

स्थानीय निवासी विनय कुमार, जो निजी कार्य से हरनाहा आए थे, ने नहर में शव देखे और तुरंत आसपास के लोगों को इसकी जानकारी दी। सूचना पर टाउन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। पुलिस ने घटनास्थल से बड़ी मात्रा में एक्सपायरी दवाएं भी बरामद की हैं।

लोगों को आशंका है कि नहर के नजदीक स्थित कुछ फर्जी निजी क्लीनिकों के संचालकों की करतूत के तहत जन्म के बाद मृत या कमजोर नवजातों को लापरवाही से नहर में फेंका जा रहा है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि स्वास्थ्य विभाग और जिला प्रशासन की उदासीनता के कारण इस तरह की घटनाएँ बार-बार हो रही हैं।

चश्मदीदों ने यह भी शक जताया है कि नहर से मिले दोनों नवजात जुड़वा हो सकते हैं, जिन्हें जन्म के बाद मारकर फेंक दिया गया। लगातार हो रही इन घटनाओं ने प्रशासनिक जिम्मेदारी पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।

इस संदर्भ में अपर थानाध्यक्ष शेखर सौरभ ने बताया, “दो नवजात के शव हरनाहा नहर से बरामद किए गए हैं। घटनास्थल से एक्सपायरी दवाएं भी मिली हैं। पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है।”

स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि फर्जी क्लीनिकों की तुरंत जांच कर कठोर कार्रवाई की जाए, ताकि निर्दोष नवजातों के साथ इस तरह की घटनाएँ दोबारा न हो।


No comments:

Post a Comment

Pages