जमुई में बुजुर्ग महिला से चेन स्नैचिंग, बाइक सवार बदमाश फरार
जमुई/बिहार : जमुई जिले के टाउन थाना क्षेत्र में गुरुवार की शाम चेन स्नैचिंग की घटना ने लोगों को दहला दिया। बाबू टोला मोहल्ले की रहने वाली 60 वर्षीय निशा सिंह, पत्नी मोहन सिंह, शिव मंदिर में पूजा करने जा रही थीं। इसी दौरान बाइक सवार दो बदमाशों ने उनके गले से करीब डेढ़ लाख रुपये मूल्य की सोने की चेन छीन ली और फरार हो गए।
घटना उस समय हुई जब पीड़िता अपने घर से मंदिर की ओर बढ़ रही थीं। टोयोटा शोरूम के पास शिव मंदिर के समीप पहले से ही नीले रंग की अपाचे बाइक पर दो बदमाश घात लगाए खड़े थे। जैसे ही महिला पास पहुंचीं, दोनों ने झपट्टा मारकर गले से चेन खींच ली और बाइक दौड़ाते हुए भाग निकले।
स्थानीय लोगों के शोर मचाने के बावजूद बदमाश बड़ी तेजी से फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया। पीड़िता ने तत्काल टाउन थाना पहुंचकर घटना की लिखित शिकायत दर्ज कराई।
इस वारदात की खास बात यह रही कि घटनास्थल के पास लगे सीसीटीवी कैमरे में पूरी वारदात कैद हो गई है। पुलिस अब फुटेज की मदद से अपराधियों की पहचान में जुट गई है।
टाउन थानाध्यक्ष अमरेंद्र कुमार ने पुष्टि करते हुए कहा, “घटना की जांच शुरू कर दी गई है। सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और जल्द ही आरोपियों की पहचान कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।”
इधर, लगातार हो रही चोरी और स्नैचिंग की घटनाओं से लोगों में नाराजगी देखी जा रही है। स्थानीय लोगों ने पुलिस गश्ती बढ़ाने और अपराधियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।

No comments:
Post a Comment