- City Channel

Breaking

Friday, September 5, 2025

 16वीं वाहिनी एसएसबी द्वारा दो दिवसीय अंतर-बटालियन फुटबॉल प्रतियोगिता आयोजित

सोनो संवाददाता

16वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल पकरी (जमुई) के तत्वावधान में 3 से 4 सितंबर तक दो दिवसीय अंतर-बटालियन फुटबॉल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का शुभारंभ एसएसबी कमांडेंट अनिल कुमार पठानिया ने खिलाड़ियों का स्वागत करते हुए किया।

इस प्रतियोगिता में क्षेत्रीय मुख्यालय (विशेष प्रचालन) गया के अंतर्गत आने वाली 16वीं, 26वीं, 29वीं, 32वीं और 35वीं वाहिनियों की टीमें शामिल हुईं। कमांडेंट ने कहा कि खेल जीवन का अभिन्न हिस्सा है, यह न केवल शारीरिक क्षमता को बढ़ाता है बल्कि अनुशासन, टीम भावना और नेतृत्व जैसे गुण भी विकसित करता है। उन्होंने खिलाड़ियों को खेल भावना से खेलते हुए उत्कृष्ट प्रदर्शन करने की प्रेरणा दी।

प्रतियोगिता के दौरान बेहतरीन खिलाड़ियों का चयन कर क्षेत्रीय स्तर की टीम बनाई जाएगी, जो आगामी अंतर-क्षेत्रीय प्रतियोगिता में क्षेत्रीय मुख्यालय मुजफ्फरपुर का प्रतिनिधित्व करेगी।

पहले दिन खेले गए मुकाबलों में 16वीं वाहिनी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 32वीं वाहिनी को एकतरफा खेल में 11-0 से पराजित किया। वहीं दूसरे मुकाबले में 26वीं वाहिनी ने 35वीं वाहिनी को 4-0 से हराकर जीत दर्ज की। मैदान में खिलाड़ियों के उत्साह और दर्शकों की तालियों ने प्रतियोगिता को रोमांचक बना दिया।

इस अवसर पर द्वितीय कमान अधिकारी बांके बिहारी, उप कमांडेंट शैलेश कुमार सिंह, चिकित्सा अधिकारी डॉ. मनीष खंडेलवाल, सहायक कमांडेंट नीरज कुमार, खैरा प्रखंड विकास पदाधिकारी चंदन चक्रवर्ती सहित 16वीं वाहिनी के अधिकारी, जवान और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। एम.एस. मेमोरियल स्कूल पकरी के सैकड़ों छात्र-शिक्षक भी इस प्रतियोगिता के साक्षी बने।

दो दिवसीय प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों में जोश और उत्साह देखते ही बन रहा था। ग्रामीणों ने भी खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाया और खेल के प्रति रुचि दिखाई।

No comments:

Post a Comment

Pages