झांझी नदी से युवक का शव बरामद, जांच में जुटी पुलिस
सिटी संवाददाता: पंकज बरनवाल
सोनो,जमुई/बिहार : सोनो प्रखंड के बटिया थाना क्षेत्र के दहियारी पंचायत अंतर्गत बदगांवा गांव के पास शुक्रवार को झांझी नदी से एक युवक का शव बरामद हुआ। मृतक की पहचान नीमा रंग निवासी स्वर्गीय संजय सिंह के पुत्र सोनू कुमार सिंह (उम्र लगभग 30 वर्ष) के रूप में हुई है।
शव मिलने की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोग घटनास्थल पर उमड़ पड़े। बताया गया कि गांव के कुछ लोग मवेशी चराने नदी की ओर गए थे, तभी उनकी नजर पानी में तैरते शव पर पड़ी। इसके बाद ग्रामीणों ने बटिया थाना पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंच कर शव को कब्जे में ले लिया और एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैब) की टीम को भी जांच के लिए बुलाया गया।
पुलिस के अनुसार, युवक शर्ट और जांघिया पहने हुए था। प्रारंभिक जांच में मौत के कारणों की स्पष्ट जानकारी नहीं मिल सकी है। पोस्टमार्टम के लिए शव को जमुई भेज दिया गया है, और पुलिस मामले की हर पहलु से जांच में जुट गई है।
परिजनों से मिली जानकारी के मुताबिक, सोनू अपने चचेरे भाई के साथ उसके ससुराल ग्राम बुची आया हुआ था और बुधवार की रात से ही लापता था। मृतक के चचेरे भाई सत्यम कुमार सिंह समेत अन्य स्वजनों में गोरेलाल सिंह, रंजय सिंह, बीरबल सिंह, सुमित सिंह, बिट्टू सिंह आदि ने बताया कि सोनू की पत्नी की एक वर्ष पूर्व मृत्यु हो चुकी है और वह दो जुड़वा बच्चों का पिता था।
घटनास्थल पर बटिया थाना अध्यक्ष सुजाता कुमारी, एएसआई रामप्रकाश राम, एसआई हरेराम कुमार यादव सहित पुलिस बल तैनात रहे। पुलिस घटना की तह तक जाने और वास्तविक कारणों का पता लगाने में जुटी हुई है।

No comments:
Post a Comment