बिजली बिल आया जीरो : गयाजी की नूर जहां समेत लाखों उपभोक्ताओं ने मुख्यमंत्री को कहा धन्यवाद
🔹नीतीश कुमार ने 125 यूनिट मुफ्त बिजली योजना पर लिया सीधा फीडबैक, 16 लाख लोग जुड़े ऑनलाइन से।
सिटी संवाददाता : प्रो० रामजीवन साहू
जमुई/बिहार : मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने मंगलवार को राज्य के घरेलू उपभोक्ताओं से सीधा संवाद कर 125 यूनिट मुफ्त बिजली योजना पर उनकी राय जानी। इस संवाद में नालंदा की लीला कुमारी, सुपौल की कोमल कुमारी और गया जिले की नूर जहां खातून से सीएम ने प्रत्यक्ष बातचीत की। इन महिलाओं ने बताया कि जुलाई से लागू योजना के बाद उनका बिजली बिल शून्य आ रहा है और अब बची हुई राशि बच्चों की पढ़ाई या अन्य जरूरतों में खर्च की जाएगी।
नूर जहां खातून ने कहा—“पहले हर महीने 400-500 रुपये बिजली बिल में देते थे, अब वह पैसा बच रहा है। हम मुख्यमंत्री जी को धन्यवाद देते हैं।” लीला कुमारी ने कहा—“बचत से बच्चों की पढ़ाई और घरेलू काम होंगे।” कोमल कुमारी ने कहा—“बची राशि बेटी के खाते में जमा करूंगी।”
मुख्यमंत्री ने कहा—“2005 से पहले बिजली की स्थिति खराब थी। राजधानी पटना में भी दिन में सिर्फ 7-8 घंटे बिजली मिलती थी। 24 नवंबर 2005 को सरकार बनने के बाद बिजली व्यवस्था सुधारने के लिए बड़े स्तर पर काम हुआ। अब राज्य के लगभग सभी घरेलू उपभोक्ताओं को जुलाई माह से मुफ्त बिजली दी जा रही है। सरकार बिजली खरीद पर भारी खर्च करती है लेकिन उपभोक्ताओं को लागत से काफी कम दर पर देती रही है।”
ऊर्जा मंत्री विजेंद्र प्रसाद यादव ने कहा कि राज्य में बिजली क्षेत्र में क्रांतिकारी सुधार हुए हैं और दर्जनों उपकेंद्र बनाए गए हैं। भाजपा नेता सम्राट चौधरी ने कहा कि अन्य राज्यों में 126 यूनिट खपत होने पर पूरा बिल देना पड़ता है, जबकि बिहार में 125 यूनिट तक 100% सब्सिडी है और आगे भी रहेगी।
जमुई में सीधा प्रसारण और कार्यक्रम की झलकियां
मुख्यमंत्री का यह संवाद कार्यक्रम जमुई स्थित श्रीकृष्ण सिंह स्टेडियम में बड़े पर्दे पर दिखाया गया। मौके पर विधायक श्रेयसी सिंह, जिला परिषद अध्यक्ष दुलारी देवी, डीएम श्री नवीन, डीडीसी सुभाष चंद्र मंडल, एडीएम रविकांत सिन्हा, और अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
विधायक श्रेयसी सिंह ने कहा—“125 यूनिट मुफ्त बिजली योजना ऐतिहासिक कदम है।” डीएम ने अभ्यागतों का स्वागत किया। पटना से आई नुक्कड़ नाटक टीम ने गीत और अभिनय के जरिए योजना की जानकारी दी, जिसे लोगों ने खूब सराहा।
मंच संचालन राज्य उद्घोषक डॉ. निरंजन कुमार ने किया और कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन से हुआ। बिजली विभाग के अभियंताओं और अधिकारियों ने आयोजन को सफल बनाने में सक्रिय भूमिका निभाई।

No comments:
Post a Comment