राहुल-तेजस्वी पर शाहनवाज का हमला, कहा – ‘गुंडाराज लाने वाले अब दूसरों पर आरोप लगा रहे’
जमुई/बिहार : भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री सैयद शाहनवाज हुसैन बुधवार देर शाम जमुई पहुंचे। इस दौरान वे भाजपा नेता विकास सिंह के आवास पर पत्रकारों से मुखातिब हुए।
उन्होंने राहुल गांधी और तेजस्वी यादव पर जमकर निशाना साधा। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पर हुए हमले पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा कि किसी सिरफिरे व्यक्ति ने यह हमला किया है और मामले की जांच जारी है।
तेजस्वी यादव द्वारा मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को थका-हारा और बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को ‘गुंडा’ कहने पर कड़ी आपत्ति जताते हुए शाहनवाज ने कहा कि “जिनके शासन में बिहार में गुंडाराज था, वे अब दूसरों पर आरोप लगा रहे हैं।” उन्होंने तेजस्वी यादव से इस बयान पर माफी मांगने की नसीहत दी। साथ ही दावा किया कि राज्य में जो भी अपराध हो रहे हैं, उनमें राजद के लोगों की संलिप्तता है।
उन्होंने वोट अधिकार यात्रा को ‘सत्ता अधिकार यात्रा’ करार देते हुए कहा कि यह पूरी तरह से फ्लॉप साबित हो रही है। राहुल गांधी पर आरोप लगाते हुए कहा कि वे संवैधानिक संस्थाओं का अपमान कर रहे हैं और चुनाव आयोग के खिलाफ यात्रा निकालना पूरी तरह गलत है।
शाहनवाज ने तंज करते हुए कहा कि “जहां-जहां राहुल गांधी जा रहे हैं, वहां से उनका सूपड़ा साफ हो रहा है। दिल्ली में वे जीरो पर आउट हुए, बिहार में भी यही हाल होगा।” उन्होंने दावा किया कि एनडीए गठबंधन नीतीश कुमार के नेतृत्व में चुनाव लड़ेगा और बिहार में 225 से अधिक सीटों पर जीत दर्ज करेगा।
वरिष्ठ नेता विकास सिंह के आवास पर उनके स्वागत के लिए जिले के वरिष्ठ नेता कन्हैया सिंह, प्रकाश भगत, निर्मल सिंह, हिमांशु सिंह, उदय सिंह, बालमुकुंद सिंह, बिरेन्द्र शर्मा, तफजुल अंसारी, अभिषेक राज, कुंदन यादव, डुगडुग सिंह, नरेंद्र सिंह, अखिलेश कुमार, शांतनु सिंह, अमन परिहार, योगेंद्र पासवान समेत सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे।


No comments:
Post a Comment