मूसलधार बारिश से पचकठियां में कच्चा मकान ढहा, मलबे में दबकर एक की मौत
🔹समाजसेवी गौरव सिंह राठौड़ ने परिजनों से मिल जताया शोक, सरकार से मुआवजे की मांग।
सिटी संवाददाता : ब्रह्मदेव प्रसाद यादव की रिपोर्ट
झाझा, जमुई/बिहार : झाझा प्रखंड के बाराकोला पंचायत स्थित पचकठियां गांव में शनिवार की सुबह उस समय हड़कंप मच गया जब लगातार हो रही मूसलधार बारिश के कारण एक कच्चा मकान ढह गया। इस हादसे में मकान के भीतर सो रहे 48 वर्षीय मोहन खैरा की मलबे में दबकर दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी शक्ति देवी बाल-बाल बच गईं।
स्थानीय लोगों के अनुसार हादसा तड़के उस समय हुआ जब दोनों दंपति घर के अंदर सो रहे थे। अचानक बारिश के कारण दीवारें कमजोर हुईं और पूरा मकान भरभराकर गिर पड़ा। मलबे में दबने से मोहन खैरा की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की जानकारी मिलते ही समाजसेवी गौरव सिंह राठौड़ अपने साथियों संग मौके पर पहुंचे और पीड़ित परिवार से मिलकर संवेदना व्यक्त की। उन्होंने प्रशासन से तत्काल आर्थिक सहायता देने की मांग करते हुए कहा, "यह घटना बेहद दर्दनाक है। पीड़ित परिवार आदिवासी समुदाय से है और दिहाड़ी मजदूरी कर गुजारा करता है। ऐसे में सरकार को अविलंब मुआवजा प्रदान करना चाहिए।"
इधर, झाझा थाना से पहुंचे एसआई धर्मेंद्र कुमार ने त्वरित कार्रवाई करते हुए शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जमुई भेज दिया।
इस घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। ग्रामीणों ने नाराज़गी जताते हुए कहा कि घटना के बाद भी पंचायत प्रतिनिधि, विशेषकर मुखिया अतुल आनंद, मौके पर नहीं पहुंचे। गौरव सिंह राठौड़ ने इस पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा, "ऐसे समय में जनप्रतिनिधियों की अनुपस्थिति दुर्भाग्यपूर्ण है। पीड़ित परिवार को अकेला नहीं छोड़ा जाना चाहिए।"

No comments:
Post a Comment