विश्व बंधु दिवस पर ब्रह्माकुमारी संस्थान ने जमुई में रक्तदान अभियान की शुरुआत की
जमुई/बिहार : प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय की ओर से विश्व बंधु दिवस के अवसर पर रविवार को जमुई सेवा केंद्र में विशाल रक्तदान अभियान का शुभारंभ किया गया। यह अभियान 22 से 25 अगस्त तक चलेगा।
संस्थान की संयोगिता ब्रह्माकुमारी सीता बहन ने बताया कि संस्था की पूर्व मुख्य प्रशासिका दादी प्रकाशमणि जी की पुण्यतिथि को हर वर्ष विश्व बंधुत्व दिवस के रूप में मनाया जाता है। इसी कड़ी में इस वर्ष देशभर में एक लाख यूनिट रक्तदान का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
उन्होंने कहा कि “रक्तदान मानवता की सबसे बड़ी सेवा है। खून की कमी से कई मरीजों की जान चली जाती है, लेकिन रक्तदान से अनगिनत जिंदगियां बचाई जा सकती हैं।” इसी सोच के तहत जमुई सेवा केंद्र में विशेष रक्तदान शिविर आयोजित किया गया।
इस अभियान में स्थानीय लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और रक्तदान कर समाज सेवा में योगदान दिया। ब्रह्माकुमारी संस्थान का मानना है कि यह पहल न केवल जरूरतमंदों की जिंदगी बचाने में मददगार होगी बल्कि विश्व बंधुत्व की भावना को भी सशक्त बनाएगा।

No comments:
Post a Comment