चकाई विधानसभा क्षेत्र में संजय प्रसाद मंडल का जन संवाद कार्यक्रम, एनडीए सरकार को बहुमत दिलाने का किया आह्वान
सिटी संवाददाता : चन्द्रदेव बरनवाल
सोनो, जमुई/बिहार : चकाई विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक प्रत्याशी सह लोजपा (रामविलास) के बिहार प्रदेश सचिव संजय प्रसाद मंडल ने रविवार को जन संवाद कार्यक्रम की शुरुआत की। यह कार्यक्रम सोनो प्रखंड के गंदर पंचायत से आरंभ होकर कटहराटांड़ गांव तक चला।
जन संवाद यात्रा की शुरुआत बानाडीह से हुई और यह महुगांय, इंटवा, ब्रहाबांक, कटावत, गंदर और भुराहा होते हुए कटहराटांड़ में समाप्त हुई। इस दौरान बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और समर्थक उनके साथ मौजूद थे। यात्रा के दौरान समर्थकों ने “चिराग पासवान जिंदाबाद”, “संजय प्रसाद मंडल जिंदाबाद” और “चकाई का विधायक कैसा हो, संजय प्रसाद मंडल जैसा हो” जैसे नारे लगाए।
जनसभा को संबोधित करते हुए श्री मंडल ने एनडीए सरकार की उपलब्धियां गिनाईं और विपक्ष पर करारा हमला बोला। उन्होंने कहा कि विपक्ष जनता को बहकाने और भ्रमित करने का प्रयास करेगा, लेकिन जनता को सजग रहना होगा। उन्होंने समर्थकों से अपील की कि एकजुट होकर एनडीए गठबंधन को बहुमत से जीत दिलाएं।
कार्यक्रम में अल्पसंख्यक सेल के प्रधान महासचिव सह मुंगेर प्रभारी मो. मोतीउल्लाह, सिकंदरा विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक प्रत्याशी सुभाष पासवान, चकाई प्रखंड अध्यक्ष उदय कुमार पासवान, मो. नौशाद सहित कई सक्रिय नेता व कार्यकर्ता मौजूद थे।
ज्ञात हो कि संजय प्रसाद मंडल के काफिले में बड़ी संख्या में दोपहिया व चारपहिया वाहनों का कारवां भी शामिल था, जिससे पूरे मार्ग पर माहौल चुनावी रंग में सराबोर दिखा।

No comments:
Post a Comment