सिकंदरा में विकास का बिगुल, जन सुराज से चुनावी मैदान में उतरने की तैयारी में अधिवक्ता श्रवण कुमार पासवान - City Channel

Breaking

Friday, August 8, 2025

सिकंदरा में विकास का बिगुल, जन सुराज से चुनावी मैदान में उतरने की तैयारी में अधिवक्ता श्रवण कुमार पासवान

सिकंदरा में विकास का बिगुल, जन सुराज से चुनावी मैदान में उतरने की तैयारी में अधिवक्ता श्रवण कुमार पासवान

सिटी ब्यूरो रिपोर्ट : राजीव रंजन/राकेश कुमार

सिकन्दरा, जमुई/बिहार : बिहार विधानसभा चुनाव की घोषणा की उल्टी गिनती शुरू होते ही 240 सिकंदरा विधानसभा क्षेत्र (सु) में राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। जमुई जिले के खैरा प्रखंड अंतर्गत कुड़वाटांड़ निवासी एवं पटना हाईकोर्ट के अधिवक्ता श्रवण कुमार पासवान ने जन सुराज पार्टी से चुनाव लड़ने की संभावना जताई है।

श्री पासवान इन दिनों गांव-गांव जाकर जनसंपर्क अभियान चला रहे हैं। उन्होंने लछुआड़, गढ़ी, कुड़वाटांड़, गोपालपुर, हरनी, खैरा सहित दर्जनों गांवों का दौरा कर लोगों की समस्याएं सुनीं और जन सुराज का पर्चा बांटकर समर्थन मांगा। उनका कहना है कि अगर जनता मौका देती है, तो सिकंदरा को विकास के मामले में अव्वल बनाया जाएगा। शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल जैसी बुनियादी सुविधाओं में सुधार उनकी प्राथमिकता होगी।

जन सुराज संस्थापक प्रशांत किशोर की विचारधारा को आगे बढ़ाने का संकल्प लेते हुए श्री पासवान ने कहा कि बिहार में बदलाव तय है और जनता इस बार बदलाव करके ही दम लेगी। भारी बारिश और धान रोपनी के मौसम को देखते हुए आमसभा के बजाय घर-घर जनसंपर्क किया जा रहा है, जिसके बेहतर नतीजे सामने आ रहे हैं।

उन्होंने पार्टी की प्राथमिकताओं में युवाओं का पलायन रोकना, बुजुर्गों को ₹2000 मासिक पेंशन, महिलाओं को सस्ता ऋण देकर आत्मनिर्भर बनाना, बच्चों को विश्वस्तरीय शिक्षा और गांव-गांव में सुदृढ़ स्वास्थ्य व्यवस्था को प्रमुख बताया।

गौरतलब है कि कोरोना काल में उन्हें "कोरोना योद्धा" के रूप में नामित किया गया था और अंधविश्वास दूर करने के लिए बिहार के तत्कालीन राज्यपाल आर. एस. गंवई ने सम्मानित किया था। वे जरूरतमंदों को मुफ्त कानूनी सेवा भी प्रदान करते हैं।

श्री पासवान ने कहा, "अगर पार्टी और जनता मुझे अवसर देती है, तो सिकंदरा को विकसित, स्वच्छ और सुंदर बनाने में कोई कसर नहीं छोड़ूंगा।"

No comments:

Post a Comment

Pages