स्व. प्रकाश कुमार की पुण्य स्मृति में पर्यावरण भारती ने किया वृक्षारोपण
🔹आम के 9 फलदार वृक्ष लगाए गए, स्वजन और पर्यावरण सेवियों ने लिया सहभाग।
राजेन्द्र नगर, पटना/बिहार : पर्यावरण भारती के तत्वावधान में शुक्रवार को स्वर्गीय प्रकाश कुमार की पुण्य स्मृति में आम के 9 फलदार वृक्षों का रोपण शाखा मैदान परिसर, राजेन्द्र नगर, पटना में किया गया। इस पुण्य कार्य का नेतृत्व उनकी सुपुत्री सुश्री मोही ने किया।
इस अवसर पर स्व. प्रकाश कुमार की धर्मपत्नी श्रीमती गार्गी ने कहा “सावन मास में भगवान भोलेनाथ का स्मरण करते हुए पति की स्मृति में वृक्षारोपण करना हमारे लिए एक श्रद्धांजलि है और यह कार्य समाज तथा प्रकृति दोनों के हित में है।”
वहीं, स्व. प्रकाश कुमार के छोटे साले एवं पर्यावरण भारती के पेड़ उपक्रम प्रमुख (पटना महानगर) हिमालय कुमार ने कहा कि “आम जैसे फलदार वृक्ष भविष्य में न केवल फल देंगे, बल्कि मानव, पशु-पक्षी सभी के लिए उपयोगी होंगे। यह वृक्ष आने वाली पीढ़ियों के लिए भी एक स्मृति और उपहार रहेगा।”
पूर्वजों की स्मृति में वृक्षारोपण को बताया कल्याणकारी कार्य
पर्यावरण भारती के संस्थापक एवं अखिल भारतीय पेड़ उपक्रम टोली सदस्य राम बिलास शाण्डिल्य ने उपस्थितजनों को संबोधित करते हुए कहा “हर व्यक्ति को अपने पूर्वजों की स्मृति में कम से कम एक वृक्ष अवश्य लगाना चाहिए। इससे न केवल पर्यावरण का संरक्षण होता है, बल्कि पुण्य आत्माओं की स्मृति भी जीवंत बनी रहती है।”
वृक्षारोपण में समाजसेवियों की सहभागिता:
इस वृक्षारोपण कार्यक्रम में पर्यावरण प्रेमियों एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी रही। प्रमुख रूप से सुश्री मोही, श्रीमती गार्गी, हिमालय कुमार, राम बिलास शाण्डिल्य, बद्रीनाथ, कृष्ण कुमार सिंह, संदीप कुमार सिंह, कार्तिक मल्लिक आदि मौजूद रहे।
पर्यावरण भारती का यह आयोजन पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ सामाजिक मूल्यों और पारिवारिक परंपराओं को जोड़ने का एक सराहनीय प्रयास रहा।


No comments:
Post a Comment