“जमुई में कुल्हाड़ी से मजदूर पर हमला, गंभीर हालत में पटना रेफर
चकाई, जमुई/बिहार : जमुई जिले के चंद्रदीप थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह एक सनसनीखेज वारदात हुई। इस्लामनगर स्थित दुर्गा मंदिर के पास अज्ञात हमलावरों ने एक मजदूर पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। घायल मजदूर की पहचान बंगाली मांझी के 45 वर्षीय बेटे नरेश मांझी के रूप में हुई है।
मंदिर के पास बैठने के दौरान वारदात :
परिजनों ने बताया कि नरेश मांझी सुबह शौच के लिए निकले थे। इसी दौरान वे मंदिर के पास बाबा के साथ बैठे हुए थे। अचानक अज्ञात हमलावर पहुंचे और उनके सिर पर कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ वार कर दिया। हमले के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
गंभीर हालत में पटना रेफर :
गंभीर रूप से घायल नरेश को पहले अलीगंज अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहां से स्थिति नाजुक देख चिकित्सकों ने उन्हें सदर अस्पताल भेजा। लेकिन हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने तुरंत पटना रेफर कर दिया।
जमीन विवाद और अंधविश्वास से जुड़ा मामला?
घायल के भाई दिनेश मांझी ने बताया कि एक साल पहले उनके परिवार ने जमीन बेची थी, जिसे रज्जू मांझी ने खरीदा था। मंगलवार शाम को रज्जू मांझी की बीमारी से मौत हो गई। इसके बाद लाटो मांझी और उनके भांजे जगत मांझी ने विवाद खड़ा किया। उनका आरोप था कि बेची गई जमीन पर भूत-प्रेत का साया है, जिसकी वजह से रज्जू की मौत हुई। इसी विवाद को लेकर हमले की आशंका जताई जा रही है।
पुलिस जांच में जुटी :
चंद्रदीप थाना अध्यक्ष राजेंद्र शाह ने बताया कि मामले की छानबीन की जा रही है। अभी तक पीड़ित परिवार की ओर से कोई लिखित आवेदन नहीं दिया गया है। आवेदन मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और हमलावरों की तलाश तेज कर दी गई है।

No comments:
Post a Comment