“जमुई में सेक्टर पदाधिकारियों का प्रशिक्षण, निष्पक्ष व शांतिपूर्ण चुनाव पर जोर”
सिटी संवाददाता : प्रो० रामजीवन साहू
जमुई/बिहार : आगामी बिहार विधानसभा आम निर्वाचन 2025 की तैयारी को लेकर आज समाहरणालय सभाकक्ष, जमुई में सेक्टर पदाधिकारियों एवं सेक्टर पुलिस पदाधिकारियों का प्रशिक्षण सत्र आयोजित किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिला पदाधिकारी श्री नवीन (भा.प्र.से.) एवं पुलिस अधीक्षक श्री विश्वजीत दयाल ने संयुक्त रूप से किया।
विधानसभा वार प्रशिक्षण
प्रशिक्षण कार्यक्रम 241-जमुई तथा 240-सिकंदरा विधानसभा क्षेत्रों के लिए पालीवार एवं विधानसभा वार आयोजित किया गया। इस दौरान दोनों विधानसभाओं के निर्वाची पदाधिकारी भी उपस्थित रहे और प्रशिक्षण सत्र में भाग लिया।
निर्वाचन प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी :
प्रशिक्षण के क्रम में जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने सभी पदाधिकारियों को मतदान की संपूर्ण प्रक्रिया से अवगत कराया।
उन्होंने बताया कि मतदान पूर्व की तैयारियों, मतदान दिवस के कार्यों, मतदान पश्चात सामग्री प्रबंधन, समयबद्ध रिपोर्टिग, मतदान केन्द्रों की सुव्यवस्थित व्यवस्था तथा विधि-व्यवस्था बनाए रखने की जिम्मेदारियों को लेकर विस्तृत दिशा-निर्देश दिए गए।
“सेक्टर पदाधिकारी हैं निर्वाचन प्रबंधन की रीढ़”
जिला निर्वाचन पदाधिकारी श्री नवीन ने कहा कि सेक्टर पदाधिकारी चुनाव के दौरान निर्वाचन प्रबंधन की रीढ़ होते हैं। उनकी सक्रिय भूमिका ही निर्वाचन को स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण बनाने में सहायक होती है। उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्वाचन आयोग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन करने का निर्देश दिया।
वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति :
इस अवसर पर अपर समाहर्ता जमुई, उप विकास आयुक्त, अनुमंडल पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, अनुमंडल लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी, भूमि सुधार उपसमाहर्ता, उप निर्वाचन पदाधिकारी सहित जिला स्तरीय पदाधिकारी तथा सभी सेक्टर पदाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी मौजूद रहे।

No comments:
Post a Comment