“विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्री सुमित सिंह और झाझा विधायक दामोदर रावत ने सिमुलतला में इमरजेंसी अस्पताल का किया उद्घाटन, क्षेत्रवासियों को मिलेगी आधुनिक स्वास्थ्य सुविधा” - City Channel

Breaking

Wednesday, August 27, 2025

“विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्री सुमित सिंह और झाझा विधायक दामोदर रावत ने सिमुलतला में इमरजेंसी अस्पताल का किया उद्घाटन, क्षेत्रवासियों को मिलेगी आधुनिक स्वास्थ्य सुविधा”

विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्री सुमित सिंह और झाझा विधायक दामोदर रावत ने सिमुलतला में इमरजेंसी अस्पताल का किया उद्घाटन, क्षेत्रवासियों को मिलेगी आधुनिक स्वास्थ्य सुविधा”

सिटी संवाददाता : गणेश कुमार सिंह

सिमुलतला, झाझा/बिहार : सिमुलतला को मिनी शिमला की नई पहचान दिलाने की दिशा में एक और कदम बढ़ा है। बुधवार को बिहार सरकार के विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्री सुमित कुमार सिंह और झाझा विधायक दामोदर रावत ने संयुक्त रूप से सिमुलतला में इमरजेंसी हॉस्पिटल का उद्घाटन किया। यह अस्पताल बैद्यनाथ इंस्टीट्यूट ऑफ नर्सिंग एवं पारा मेडिकल साइंसेज के सौजन्य से बनाया गया है।

उद्घाटन अवसर पर मंत्री सुमित कुमार सिंह ने कहा कि अब इलाज के लिए क्षेत्रवासियों को बाहर जाने की आवश्यकता नहीं होगी। उन्होंने बताया कि विकास उनकी प्राथमिकता में है। चकाई में सुभाष इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी युवाओं को शिक्षा का अवसर दे रहा है और इथेनॉल फैक्ट्री से स्थानीय स्तर पर बड़े पैमाने पर रोजगार उपलब्ध होंगे। मंत्री ने आश्वासन दिया कि चकाई और आसपास के युवाओं को इसमें प्राथमिकता मिलेगी।

वहीं, झाझा विधायक दामोदर रावत ने कहा कि सिमुलतला से होकर गुजरने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग 333-ए पर आए दिन दुर्घटनाएँ होती हैं। इस कारण एक ट्रॉमा सेंटर की जरूरत लंबे समय से महसूस की जा रही थी। उन्होंने विश्वास जताया कि यह नया अस्पताल जीवन रक्षक साबित होगा।

अस्पताल के निदेशक सतीश पास्यावुला ने कहा कि यह केंद्र क्षेत्र की जनता को सरल, सुगम और सस्ती चिकित्सा सेवाएँ देगा। अस्पताल आधुनिक सुविधाओं से लैस है और यहाँ विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम मौजूद रहेगी। उन्होंने बताया कि अब मरीजों को इलाज के लिए देवघर, झाझा या जमुई नहीं जाना पड़ेगा।

कार्यक्रम के दौरान मंत्री और विधायक का स्वागत फूलमाला एवं अंगवस्त्र से किया गया। वहीं कार्यक्रम को राजीव रंजन पांडे, शैलेन्द्र रावत, श्रीकांत यादव, आलोक राज, दिनेश मंडल, अजय सिंह, अमीर दास, प्रदीप मिश्रा, प्रह्लाद रावत, बलदेव यादव, प्रकाश पंडित आदि ने संबोधित किया जहां कई जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता और गणमान्य लोग मौजूद रहे।


No comments:

Post a Comment

Pages