जमुई पँहुचे शाहनवाज़ हुसैन बोले– डबल इंजन सरकार में बिहार ने पकड़ी रफ़्तार, जमुई को मिली बड़ी सौगातें - City Channel

Breaking

Thursday, August 21, 2025

जमुई पँहुचे शाहनवाज़ हुसैन बोले– डबल इंजन सरकार में बिहार ने पकड़ी रफ़्तार, जमुई को मिली बड़ी सौगातें

जमुई पँहुचे शाहनवाज़ हुसैन बोले– डबल इंजन सरकार में बिहार ने पकड़ी रफ़्तार, जमुई को मिली बड़ी सौगातें


 सिटी ब्यूरो रिपोर्ट : राजीव रंजन/राकेश कुमार 

जमुई/बिहार : जमुई में गुरुवार को भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता और पूर्व केंद्रीय मंत्री सैयद शाहनवाज़ हुसैन ने पत्रकारों से बातचीत में राहुल गांधी और तेजस्वी यादव पर कड़ा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि वोट अधिकार यात्रा के नाम पर निकली यह पदयात्रा दरअसल सत्ता अधिकार यात्रा है और पूरी तरह फ्लॉप साबित हो रही है।

शाहनवाज़ ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी संवैधानिक संस्थाओं का अपमान कर रहे हैं। चुनाव आयोग के खिलाफ यात्रा निकालना गलत है। उन्होंने दावा किया कि दिल्ली की तरह बिहार में भी महागठबंधन की हालत खराब होगी और एनडीए नीतीश कुमार के नेतृत्व में 200 से ज्यादा सीटें जीतेगा।

तेजस्वी यादव द्वारा मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को थका-हारा और उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को गुंडा कहने पर उन्होंने पलटवार करते हुए कहा कि जिनके शासन में बिहार में गुंडाराज था, वे अब दूसरों पर आरोप लगा रहे हैं। उन्होंने तेजस्वी यादव से माफी की मांग की।

दिल्ली की मुख्यमंत्री पर हुए हमले को लेकर शाहनवाज़ ने कहा कि यह किसी सिरफिरे व्यक्ति का कृत्य है और जांच चल रही है। साथ ही उन्होंने दावा किया कि राज्य में हो रहे कई अपराधों में राजद नेताओं की संलिप्तता सामने आ रही है।

पत्रकारों से बातचीत में शाहनवाज़ हुसैन ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बिहार दौरे का उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री 53वीं बार बिहार आ रहे हैं और गंगा नदी पर बने 1,871 करोड़ रुपये की लागत से तैयार औंटा-सिमरिया छह लेन पुल का उद्घाटन करेंगे। साथ ही अमृत भारत एक्सप्रेस और बौद्ध सर्किट ट्रेन को हरी झंडी दिखाएँगे।

उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य की एनडीए सरकार ने मिलकर बिहार के विकास को नई गति दी है। 13 ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे, एयरपोर्टों का विस्तार, रेलवे स्टेशनों का कायाकल्प, एम्स-दरभंगा का निर्माण, पीएमसीएच का विश्वस्तरीय अस्पताल के रूप में पुनर्विकास और लाखों युवाओं को रोजगार देने की दिशा में काम हो रहा है।

जमुई की विकास उपलब्धियों का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि जिले में इंजीनियरिंग कॉलेज, मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, महिला डिग्री कॉलेज, आईटीआई, पॉलिटेक्निक, पारा मेडिकल संस्थान, खेल मैदान, स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स और पर्यटन स्थलों का विकास कराया गया है।

विपक्ष पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि लालू-राबड़ी राज बूथ कैप्चरिंग और हिंसा के लिए बदनाम रहा है, जबकि भाजपा सरकार ने "सबका साथ, सबका विकास" को संकल्प के रूप में अपनाया है।

इस मौके पर विधायक सुश्री श्रेयशी सिंह, जिलाध्यक्ष दुर्गा प्रसाद केसरी और पूर्व जिलाध्यक्ष बृजनन्दन सिंह, बीजेपी नेता विकास सिंह, निर्मल सिंह, ब्रजेश सिंह समेत कई भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

No comments:

Post a Comment

Pages