वित्तीय समावेशन संतृप्ति अभियान के तहत शिविर का हुआ आयोजन - City Channel

Breaking

Friday, August 22, 2025

वित्तीय समावेशन संतृप्ति अभियान के तहत शिविर का हुआ आयोजन

वित्तीय समावेशन संतृप्ति अभियान के तहत शिविर का हुआ आयोजन

🔹केंद्रीय योजनाओं का लाभ लेने के लिए खातों का केवाईसी जरूरी : सीजीएम

चकाई, जमुई/बिहार : स्टेट बैंक ऑफ इंडिया ने चकाई प्रखंड अंतर्गत माधोपुर स्थित पंचायत सरकार भवन में वित्तीय समावेशन संतृप्ति अभियान के तहत मेगा जन जागरूकता शिविर का आयोजन किया। कार्यक्रम में री-केवाईसी सेवाएं , डिजिटल सुरक्षा आदि के बारे में विस्तार से चर्चा की गई और लोगों को इस संदर्भ में जागरूक किया गया। शिविर में बैंक से जुड़े लोगों ने भारी संख्या में अपनी उपस्थिति दर्ज की और अपना ज्ञानवर्धन के साथ क्षमतावर्धन किया। निर्धारित कार्यक्रम अमन के माहौल में संपन्न हो गया।

    बैंकिंग लोकपाल के सीजीएम कुमार राजेश रंजन ने शिविर का अग्नि ज्योति प्रज्वलित कर उद्घाटन करते हुए कहा कि वित्तीय समावेशन संतृप्ति अभियान वित्तीय सेवा विभाग द्वारा शुरू किए गए तीन महीने के राष्ट्रव्यापी वित्तीय समावेशन (एफआई) अभियान का अहम हिस्सा है। 30 सितंबर तक गतिमान रहने वाले इस मुहिम के जरिए लोगों को पुनः केवाईसी सेवाओं और खाता पुनः सक्रियण के लिए प्रेरित करना है ताकि वे हर स्तर पर सुरक्षित रहें। इससे भारत सरकार की विभिन्न योजनाओं के तहत प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी) भुगतान प्राप्त करने में भी उन्हें सहूलियत होगी। उन्होंने ग्राहकों से समय पर पुनः केवाईसी और निष्क्रिय खातों को पुनः सक्रिय करने का अनुरोध करते हुए कहा कि सरकार के कल्याणकारी लाभों सहित बैंकिंग सेवाओं तक निर्बाध पहुंच सुनिश्चित करने के लिए यह नितांत जरूरी है। बैंक ग्राहकों को वित्तीय साक्षरता और डिजिटल सुरक्षा प्रदान करने के लिए भी प्रतिबद्ध है। सीजीएम ने शिकायत निवारण तंत्र और डिजिटल धोखाधड़ी के खिलाफ सावधानियों पर भी प्रकाश डाला , जिससे उपस्थित लोगों को डिजिटल भुगतान पारिस्थितिकी तंत्र में सुरक्षित रहने की जानकारी मिली। श्री रंजन ने जिला के हर ग्राम पंचायत में विभिन्न राष्ट्रीयकृत बैंकों के द्वारा चरणबद्ध ढंग से वित्तीय समावेशन संतृप्ति अभियान के तहत शिविर के आयोजन किए जाने का ऐलान किया। 

   ग्राहक सेवा के डीजीएम मनीष रस्तोगी ने कहा कि पीएम मोदी ने 10 साल पूर्व प्रधानमंत्री जन- धन योजना की शुरुआत की थी। इससे जुड़े सभी खातों का केवाईसी करना जरूरी है। बैंक समय-समय पर लाभुकों को इसके लिए एसएमएस के साथ सोशल मीडिया के जरिए संदेश भी भेज रहा है। सभी ग्राहकों को केवाईसी कराना नितांत जरूरी है। श्री रस्तोगी ने प्रधानमंत्री जन-धन योजना , प्रधानमंत्री जीवन ज्योति योजना , प्रधानमंत्री सुरक्षा योजना , अटल पेंशन योजना आदि कल्याणकारी योजनाओं की विस्तार से जानकारी दी और लोगों को इसका लाभ लेने के लिए सजग किया। उन्होंने लावारिश जमा राशि का दावा करने की प्रक्रिया से भी लोगों को अवगत कराया। डीजीएम ने शिविर के आयोजन के लिए स्टेट बैंक ऑफ इंडिया की जमकर तारीफ की। उन्होंने एलडीएम के क्रिया-कलापों पर भी संतोष जताया।

    वित्तीय समावेशन के एजीएम श्रीमती गुंजन , आरबीआई के प्रबंधक सौरभ मलिक , मो. महिउल इस्लाम , मुंगेर आरबीओ के सीएम ऑपरेशन श्रीकांत चौधरी , मुंगेर आरबीओ के वित्तीय समावेशन के प्रबंधक मनोज कुमार साह , नाबार्ड डीडीएम श्रीमती अभिज्ञा , मुखिया पंकज साह के साथ बिहार ग्रामीण बैंक , यूको बैंक और यूनियन बैंक ऑफ इंडिया ने भी वित्तीय समावेशन संतृप्ति अभियान के तहत आयोजित जागरूकता शिविर में अपनी उपस्थिति दर्ज की और इसे सफल बनाया। एलडीएम लक्ष्मी एक्का ने मेहमानों को पुष्प गुच्छ और अंग वस्त्र देकर उनका अभिनंदन किया वहीं वित्तीय समावेशन के एजीएम मनोज कुमार झा ने धन्यवाद ज्ञापन की औपचारिकता पूरी की। शिविर ज्ञानवर्धन वातावरण में संपन्न हो गया।

No comments:

Post a Comment

Pages