जमुई : राष्ट्रीय लोक अदालत की सफलता को लेकर बैठक, जिला जज ने बैंकों से अपनाने को कहा लचीला रुख
जमुई/बिहार : प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष संदीप सिंह की अध्यक्षता में व्यवहार न्यायालय स्थित न्याय सदन के प्रशाल में राष्ट्रीयकृत बैंकों के प्रतिनिधियों की बैठक आयोजित हुई। बैठक का उद्देश्य आगामी 13 सितंबर को होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत की तैयारियों को लेकर चर्चा करना था।
बैठक में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव राकेश रंजन, एलडीएम लक्ष्मी एक्का समेत विभिन्न बैंकों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
बैठक को संबोधित करते हुए प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश संदीप सिंह ने कहा कि लोक अदालत की सफलता के लिए बैंक अधिकारी लचीला रवैया अपनाएं। उन्होंने निर्देश दिया कि ऋण प्रकरणों के निपटान में नरमी दिखाते हुए अधिक से अधिक बैंक लोन मामलों का समाधान सुनिश्चित किया जाए।
जिला जज ने कहा कि सभी ऋणधारकों को नोटिस निर्गत कर सुलह-समझौता के माध्यम से उनके मामलों का निस्तारण किया जाए। साथ ही, बैंकों को हेल्प डेस्क स्थापित कर ऋणधारकों को उचित जानकारी देने तथा उनकी समस्याओं के समाधान की व्यवस्था करने का भी निर्देश दिया।
उन्होंने यह भी बताया कि प्री-सीटिंग के जरिए ऋण मामलों का हल निकाला जा सकता है तथा अखिल भारतीय मध्यस्थता अभियान के अंतर्गत सर्टिफिकेट केसों का भी निपटारा संभव है। साथ ही, उन्होंने लोक अदालत के व्यापक प्रचार-प्रसार पर भी जोर दिया ताकि अधिक से अधिक लोग इसका लाभ उठा सकें।
बैठक के अंत में उपस्थित सभी बैंकों के अधिकारियों ने निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने और अधिक से अधिक मामलों का निस्तारण करने का संकल्प व्यक्त किया।
गौरतलब है कि आगामी 13 सितंबर को व्यवहार न्यायालय परिसर में राष्ट्रीय लोक अदालत आयोजित होने जा रही है, जिसकी तैयारियां तेज हो गई हैं।


No comments:
Post a Comment