पर्यावरण संरक्षण के लिए जनभागीदारी आवश्यक : वन प्रमंडल पदाधिकारी
जमुई/बिहार : पर्यावरण संरक्षण केवल वृक्षारोपण तक सीमित नहीं, बल्कि उनके संरक्षण में भी सामूहिक भागीदारी आवश्यक है। यह बात रविवार को वन प्रमंडल पदाधिकारी तेजस जायसवाल ने कही। वे युवाओं के अनोखे अभियान ‘साईकिल यात्रा एक विचार, जमुई’ की 503वीं यात्रा में शामिल होकर युवाओं को संबोधित कर रहे थे।
साईकिल यात्रा एक विचार जमुई से जुड़े तीन दर्जन सदस्य श्रीकृष्ण सिंह स्टेडियम से यात्रा शुरू कर शास्त्री कॉलोनी, सतगामा, खैरमा होते हुए बरहट प्रखंड के पतौना स्थित पत्नेश्वर मंदिर पहुँचे। यहाँ पूर्व में लगाए गए पौधों का निरीक्षण करने के साथ ही दो दर्जन नए पौधे लगाए गए।
वन प्रमंडल पदाधिकारी तेजस जायसवाल ने कहा कि लगातार 502 सप्ताह से जारी यह अनवरत प्रयास प्रशंसनीय है। किसी युवा समूह द्वारा इतने लंबे समय तक पर्यावरण संरक्षण के लिए किया जा रहा यह कार्य अपने आप में मिसाल है।
इस अवसर पर समाजसेवी निर्भय प्रताप सिंह ने युवाओं की इस अनवरत यात्रा को प्रेरणादायक बताया। उन्होंने कहा कि नि:स्वार्थ भाव से चल रहा यह कार्यक्रम आने वाली पीढ़ियों के लिए एक इतिहास रच रहा है। वहीं राजीव पांडेय ने कहा कि पेड़-पौधे जीवन का आधार हैं, ये हमें ऑक्सीजन देते हैं और धरती को संतुलित रखते हैं।
कार्यक्रम में कुंदन सिन्हा और अरुणेश मिश्रा ने कहा कि पौधारोपण केवल एक कार्य नहीं बल्कि जिम्मेदारी है। पौधा लगाना आसान है, लेकिन उसे बड़ा करना ही असली सेवा है।
इस दौरान मंदिर सचिव राजीव पांडे, समाजसेवी नंदलाल सिंह, गोलू कुमार, गुंजन मिश्रा, विवेक कुमार, अंकित कुमार, सचिराज पद्माकर, पंकज कुमार, राजा कुमार सिंह, शुभम कुमार, प्रीतम कुमार, सागर मिश्रा, एपिक राज, सत्यम कुमार, संकेत सिंह, अभिनव दुबे, सीपू सिंह परिहार, लड्डू मिश्रा, शैलेश भारद्वाज, शांतनु सिंह, हर्ष कुमार सिंह, केपी शौर्य, ठाकुर डुगडुग सिंह समेत कई लोग उपस्थित रहे।

No comments:
Post a Comment