भाई-बहन के रिश्ते में बंधा अलीगंज - City Channel

Breaking

Monday, August 11, 2025

भाई-बहन के रिश्ते में बंधा अलीगंज

हर्षोल्लास और श्रद्धा से मना रक्षाबंधन, भाई-बहन के रिश्ते में बंधा अलीगंज

सिटी संवाददाता : मो० मुमताज 

अलीगंज/जमुई :  बहन-भाई के अमर प्रेम और स्नेह का प्रतीक रक्षाबंधन का पावन पर्व शनिवार को प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न गांवों में हर्षोल्लास और श्रद्धा के साथ मनाया गया। ‘भैया मेरे, राखी के बंधन को निभाना…’ जैसे मधुर गीतों के बीच नन्हीं बहनों और भाइयों में खासा उत्साह देखने को मिला।

अलीगंज बाजार में राखियों और मिठाइयों की खरीदारी को लेकर सुबह से ही चहल-पहल रही। बहनें भाइयों की कलाई सजाने के लिए आकर्षक राखियों की खरीद में व्यस्त रहीं, वहीं भाइयों में भी इस पर्व के प्रति उत्साह साफ झलक रहा था। ग्रामीण इलाकों में मिठाई की दुकानें एक दिन पहले से ही सजी-धजी थीं।

सुबह से ही बहनों ने भाइयों के माथे पर रोली, अक्षत और चंदन का तिलक कर रक्षा सूत्र बांधा और दीर्घायु, सुख-समृद्धि की कामना की। भाइयों ने भी बहनों को उपहार देकर जीवन भर रक्षा का संकल्प लिया। दूर रहने वाली बहनों ने भी अपने भाइयों के पास आकर इस बंधन को मजबूत किया।

नवविवाहित महिलाएं और युवतियां आकर्षक परिधानों में सजी-धजी अपने मायके पहुंचीं। घर-घर में पकवान बने, मंदिरों में पूजा-अर्चना हुई और पूरे दिन गांवों में उत्सव का माहौल रहा। अलीगंज बाजार में राखी व मिठाई की दुकानों पर ग्राहकों की भीड़ देर शाम तक लगी रही।

इस बार रक्षाबंधन का खुमार महिलाओं और लड़कियों के चेहरों पर खास तौर पर नजर आया और पूरे क्षेत्र में भाई-बहन के इस अटूट रिश्ते का पर्व उमंग, प्रेम और आशीर्वाद के रंग में रंगा रहा।

No comments:

Post a Comment

Pages