डीएम श्री नवीन ने जनता दरबार में फरियादियों से किया सीधा संवाद
जमुई/बिहार : समाहर्ता श्री नवीन ने समाहरणालय स्थित सभा कक्ष में जनता दरबार का आयोजन कर पीड़ित लोगों की गंभीरता से व्यथा सुनी। उन्होंने मौके पर कई मामलों का ऑन द स्पॉट निष्पादन भी किया। साथ ही कुछ प्रकरणों को इससे जुड़े विभाग को अग्रसारित कर विधि सम्मत कार्रवाई किए जाने का निर्देश दिया। जिले के दूर-दराज से आए लोग जनता दरबार में अपनी बात रखकर संतुष्ट दिखे। जनता दरबार में भूमि विवाद , अतिक्रमण , दाखिल खारिज , रैयति भूमि का निबंधन , अनुग्रह अनुदान , खतियान , दखल-कब्ज़ा , जमीन की नापी , प्रधानमंत्री आवास योजना , विकलांग पेंशन , चयन प्रक्रिया , जमाबंदी , सेवान्त लाभ , सामाजिक सुरक्षा से लाभ, राशि-गबन , रास्ता अवरुद्ध , मार-पीट , बासगीत पर्चा , पक्की नली गली , गैर मजरूआ विवाद समेत अन्य मामले आये। उन्होंने तमाम प्रकरणों को गंभीरता से लिया और इस पर यथोचित कार्रवाई किए जाने की बात कही। समाहर्ता ने मौके पर कहा कि जनता की व्यथा को दूर करना जिला प्रशासन का मुख्य मकसद है। राज्य सरकार द्वारा संचालित जनोपयोगी कल्याणकारी योजनाओं का लाभ कमजोर वर्गों को मिले इसके लिए कारगर कदम उठाए जा रहे हैं। जनता इन योजनाओं का लाभ उठाएं और सरकार की सोच को साकार करने में सहयोग दें। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की कल्याणकारी योजनाओं को गति देने में शिथिलता और अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इसके लिए अधिकारियों को निष्ठा एवं आपसी समन्वय के साथ काम करने का निर्देश दिया।
डीडीसी सुभाष चंद्र मंडल , एडीएम रविकांत सिन्हा , ओएसडी नागमणि कुमार वर्मा समेत कई विभागीय पदाधिकारी जनता दरबार में उपस्थित होकर लोगों की तकलीफों को सुना और यथोचित कार्रवाई की।

No comments:
Post a Comment