जमुई पुलिस की बड़ी कामयाबी : करोड़ों का गांजा, नकदी और हथियार बरामद, तीन गिरफ्तार
जमुई/बिहार : जमुई जिले में पुलिस ने नशे के कारोबार पर बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एसडीपीओ के नेतृत्व में शुक्रवार को टाउन थाना क्षेत्र के चंदवारा में विशेष छापेमारी अभियान चलाया गया। इस दौरान पुलिस ने एक ऐसे ठिकाने का भंडाफोड़ किया, जहां से नशे का बड़ा कारोबार संचालित हो रहा था।
छापेमारी में पुलिस ने 411 किलो गांजा बरामद किया, जिसकी क़ीमत करोड़ों रुपये बताई जा रही है। इसके अलावा मौके से करीब 70 लाख रुपये नकद, दो देसी पिस्तौल, 13 जिंदा कारतूस, एक चार पहिया वाहन और चार बाइक भी जब्त की गईं। बरामदगी की मात्रा और कीमत को देखते हुए इसे अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई माना जा रहा है।
इस मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें चंदवारा निवासी नितीश कुमार, मुजफ्फरपुर जिले के सकरा थाना क्षेत्र के रघुनाथपुर निवासी सोनू कुमार, और समस्तीपुर जिले के मुईद्दीनपुर निवासी मोहम्मद हुसैन शामिल हैं। तीनों से गहन पूछताछ की जा रही है ताकि इस अवैध कारोबार की पूरी चेन का पता लगाया जा सके।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रारंभिक जांच से यह मामला गांजा तस्करी के बड़े नेटवर्क से जुड़ा हुआ लग रहा है। गिरफ्तार आरोपियों से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस अन्य लोगों की तलाश में जुट गई है।
इस छापेमारी में एसडीपीओ के साथ टाउन थाना प्रभारी शेखर सौरभ, पुलिस अवर निरीक्षक अखिलेश कुमार और निकेश कुमार, साथ ही डीआईयू टीम के सदस्य सक्रिय रूप से शामिल थे।
पुलिस की इस कार्रवाई से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है। ग्रामीणों ने भी इसे एक साहसिक कदम बताया है और उम्मीद जताई है कि पुलिस आगे भी ऐसे तस्करों के खिलाफ अभियान तेज रखेगी।

No comments:
Post a Comment