जमुई जेल में कैदी की मौत पर भाकपा माले का आक्रोश, सिमुलतला में जेल प्रशासन का पुतला दहन - City Channel

Breaking

Sunday, August 31, 2025

जमुई जेल में कैदी की मौत पर भाकपा माले का आक्रोश, सिमुलतला में जेल प्रशासन का पुतला दहन

जमुई जेल में कैदी की मौत पर भाकपा माले का आक्रोश, सिमुलतला में जेल प्रशासन का पुतला दहन

सिटी संवाददाता : गणेश कुमार सिंह

सिमुलतला, जमुई/बिहार : जमुई जेल में कैदी डब्लू कुमार चौधरी (22 वर्ष) की संदिग्ध मौत को लेकर विरोध तेज हो गया है। इसी कड़ी में भाकपा माले कार्यकर्ताओं ने शनिवार को सिमुलतला थाना क्षेत्र के लोहिया चौक पर जोरदार प्रदर्शन करते हुए जेल अधीक्षक और जेलर का पुतला दहन किया। प्रदर्शन का नेतृत्व प्रखंड कमिटी के सचिव कंचन रजक ने किया।

मालूम हो कि टेलवा बाजार के तुरी टोला निवासी डब्लू कुमार चौधरी की मौत 22 अगस्त को जेल में हुई थी। घटना को लेकर मृतक के परिजन और स्थानीय लोग लगातार सवाल उठा रहे हैं। मृतक की मां आशा देवी का आरोप है कि उनके बेटे की पैसों के कारण हत्या की गई है।

प्रदर्शन के दौरान कंचन रजक ने कहा कि डबल इंजन की सरकार में लोग जेल में भी सुरक्षित नहीं हैं। उन्होंने बताया कि इस घटना की शिकायत आरक्षी अधीक्षक से की गई, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है।

भाकपा माले ने घोषणा की है कि 31 अगस्त को चकाई में भी विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। साथ ही पार्टी ने चेतावनी दी कि यदि न्याय नहीं मिला तो इस मुद्दे को सदन तक ले जाया जाएगा।

प्रदर्शनकारियों ने दोषियों को कड़ी सजा देने, मृतक के परिवार को 25 लाख रुपये मुआवजा और सरकारी नौकरी देने की मांग की।

इस अवसर पर पूर्व मुखिया रमेश यादव, भाकपा माले के कार्यकर्ता और मृतक के परिजन बड़ी संख्या में मौजूद रहे। प्रदर्शन से पहले कार्यकर्ताओं ने सिमुलतला बाजार में बैनर के साथ पदयात्रा भी निकाली।

No comments:

Post a Comment

Pages