डीएम नवीन ने किया लघु सिंचाई गणना एवं जल निकाय गणना प्रशिक्षण शिविर का उद्घाटन
सिटी संवाददाता : प्रो० रामजीवन साहू
जमुई/बिहार : समाहरणालय के सभा कक्ष में शनिवार को सातवीं लघु सिंचाई गणना (संदर्भ वर्ष 2023-24), द्वितीय जल निकाय गणना एवं प्रथम सेंसस ऑफ स्प्रिंग से संबंधित जिला स्तरीय प्रशिक्षण शिविर का उद्घाटन जिलाधिकारी श्री नवीन ने अग्नि ज्योति प्रज्ज्वलित कर किया।
इस अवसर पर डीएम ने कहा कि यह योजना शत-प्रतिशत केंद्र प्रायोजित है और राज्य स्तर पर योजना एवं विकास विभाग (अर्थ एवं सांख्यिकी निदेशालय), बिहार, पटना के दिशा-निर्देशों के अनुरूप संचालित की जा रही है। उन्होंने कहा कि भारत जैसे कृषि प्रधान देश में कृषि उत्पादन बढ़ाने के लिए लघु सिंचाई योजनाओं का विशेष महत्व है। इसी उद्देश्य से प्रत्येक पाँच वर्ष पर देशभर में लघु सिंचाई गणना कराई जाती है।
उन्होंने जानकारी दी कि इस बार पहली बार स्प्रिंग सेंसस भी कराया जा रहा है। गणना के अंतर्गत भू-जल एवं सतही जल से सिंचाई की विभिन्न व्यवस्थाओं—जैसे कुआँ, नलकूप, सतही प्रवाह, तालाब, पोखर आदि—के आँकड़े संकलित किए जाएंगे। साथ ही ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों के प्रत्येक जल निकाय की गणना कर विश्वसनीय आँकड़े तैयार किए जाएंगे, जिससे भविष्य की योजनाओं के लिए सुदृढ़ आधार उपलब्ध होगा।
प्रशिक्षण शिविर के दौरान जिला सांख्यिकीय पदाधिकारी ने योजना की रूपरेखा प्रस्तुत की। वहीं मास्टर ट्रेनर ने पावर पॉइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से विभिन्न प्रपत्रों को भरने की प्रक्रिया, प्रखंड व अंचल स्तर पर पर्यवेक्षण की विशेषताओं तथा फील्ड वर्क से जुड़ी अहम जानकारियाँ विस्तार से दीं।
कार्यक्रम में एडीएम रविकांत सिन्हा, डीपीआरओ वीरेंद्र कुमार, जिला कृषि पदाधिकारी बृजेश कुमार सिंह, प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी, प्रखंड सांख्यिकी पदाधिकारी तथा लघु सिंचाई एवं कृषि विभाग के नामित पदाधिकारी उपस्थित थे।

No comments:
Post a Comment