झाझा-चकाई विधानसभा के सेक्टर पदाधिकारियों को दिया गया निर्वाचन प्रशिक्षण
सिटी संवाददाता : प्रो० रामजीवन साहू
जमुई/बिहार : आगामी बिहार विधानसभा आम निर्वाचन 2025 को लेकर जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिलाधिकारी नवीन कुमार और पुलिस अधीक्षक विश्वजीत दयाल के नेतृत्व में बुधवार को समाहरणालय स्थित सभा कक्ष में 242-झाझा और 243-चकाई विधानसभा क्षेत्रों के लिए नामित सेक्टर पदाधिकारियों एवं सेक्टर पुलिस पदाधिकारियों को प्रशिक्षण दिया गया।
इस अवसर पर झाझा एवं चकाई विधानसभा क्षेत्र के निर्वाची पदाधिकारियों ने भी प्रशिक्षण सत्र में भाग लिया और आवश्यक जानकारियाँ साझा कीं।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने सभी सेक्टर एवं पुलिस पदाधिकारियों को निर्वाचन प्रक्रिया के विभिन्न चरणों—मतदान से पूर्व, मतदान के दिन और मतदान उपरांत—के दौरान उनकी जिम्मेदारियों और कर्तव्यों की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने मतदान केन्द्रों की सुव्यवस्थित व्यवस्था, विधि-व्यवस्था बनाए रखने, सामग्री प्रबंधन और समयबद्ध रिपोर्टिंग पर विशेष बल दिया।
डीएम ने कहा कि सेक्टर पदाधिकारी चुनाव के दौरान निर्वाचन प्रबंधन की रीढ़ होते हैं और स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण तरीके से चुनाव सम्पन्न कराने में उनकी भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है। उन्होंने निर्देश दिया कि निर्वाचन आयोग द्वारा जारी सभी दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन सुनिश्चित किया जाए।
प्रशिक्षण सत्र में डीडीसी सुभाष चंद्र मंडल, एडीएम रविकांत सिन्हा, एसडीएम सौरभ कुमार, एसडीपीओ सतीश सुमन, डीसीएलआर सुजीत कुमार, डीपीआरओ वीरेंद्र कुमार, ओएसडी नागमणि कुमार वर्मा तथा उप निर्वाचन पदाधिकारी मो. नजरूल हक समेत जिला स्तरीय कई वरीय अधिकारी मौजूद रहे।

No comments:
Post a Comment